नरोत्तम मिश्रा की न्यू ज्वाइनिंग टोली का फिर प्रहार, कांग्रेस के पूर्व विधायक वल्लभ शुक्ला सहित कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी


मतदान से पहले कांग्रेस में एक और टूट


DeshGaon
राजनीति Updated On :

मप्र में भारतीय जनता पार्टी की न्यू ज्वाइनिंग टोली ने कांग्रेस में एक और तोड़ की है। इस टोली के मुखिया नरोत्तम मिश्रा ने इस बार शिवपुरी जिले से आने वाले पूर्व विधायक वल्लभ शुक्ला को तोड़ा है। शुक्ला दो बार विधायक रह चुके हैं इनमें से एक बार वे समानता दल से विधायक चुने गए थे। इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। शुक्ला के साथ उनके बेटे आलोक भी अब भाजपा से जुड़ गए हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस से मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष गौरव शर्मा भी भाजपा में आ गए हैं। इन सभी ने सीएम मोहन यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी भी मौजूद रहे।

कांग्रेसी नेताओं ने अपनी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली

शनिवार को जिन दूसरे नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। उनमें  मध्य प्रदेश कांग्रेस सिंधी कल्याण समिति के पूर्व प्रदेश महामंत्री महेश गुरबाणी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व महासचिव कमल सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री कांग्रेस शिवपुरी आलोक शुक्ला, पूर्व महासचिव प्रदेश कांग्रेस अमित दांतरे, पूर्व सोसायटी अध्यक्ष जुझारपुर अमर सिंह यादव, सेवादल कांग्रेस उपाध्यक्ष होशंगाबाद राहुल सिंह समेत कांग्रेस पार्षद, सरपंच-उपसरपंच और कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी को पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।

कांग्रेस में हुई टूट में भाजपा की न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रमुख नरोत्तम मिश्रा की बड़ी भूमिका रही है। मिश्रा ने संकेतों में कहा है कि उनका अभियान अभी भी जारी है और लोकसभा चुनावों से पहले काफी कुछ हो सकते हैं।  कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ बुजुर्ग और जर्जर नेताओं के सहारे कांग्रेस ने अपनी इमारत खड़ी है, जो अब हेरिटेज हो गई है, इसमें रहना कोई नहीं चाहता और बिल्डिंग की स्थिति ऐसी है कि अब वो किसको पनाह भी नहीं दे सकती। मिश्रा ने कहा कि आज वहां भगदड़ के हालात हैं। अब तक 4 लाख से ज्यादा कांग्रेस के बूथ लेवल के कार्यकर्ता कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। अब जनता और कांग्रेस नेताओं का विश्वास कांग्रेस पर नहीं रही है, सभी पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की धारा में बहना चाहते हैं।  छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके के वापस कांग्रेस में जाने की बात पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि स्वाभिक रूप से उन्होंने ऐसा बयान दिया है जो मैंने भी सुना है, दबाव कभी किसी का किसी पर नहीं रहता है।

 



Related