small box india के ओपिनियन पोल में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने के संकेत


मध्यप्रदेश में चुनाव से पहले स्मॉल बॉक्स इंडिया के ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद।
ओपिनियन पोल के मुताबिक, प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार।


DeshGaon
राजनीति Published On :
congress victory mission

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है तो दूसरी तरफ, प्रदेश के दो मुख्य राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा ने भी कमर कस ली है।

एक तरफ भाजपा सत्ता में बरकरार रहने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता पर कब्जा पाने के लिए तैयारियों में जुटी हुई है।

इस बीच, एक ओपिनियन पोल ने प्रदेश के भाजपा नेताओं की नींद हराम कर दी है क्योंकि इस पोल के मुताबिक, प्रदेश में कांग्रेस द्वारा पूर्ण बहुमत से सरकार बनने के संकेत दिए गए हैं।

दरअसल, देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले स्मॉल बॉक्स इंडिया ने यह ओपिनियन पोल जारी किया है जिसमें बताया गया है कि 230 सीट वाले विधानसभा में कांग्रेस को 124 से 135 सीटें और भाजपा को 70 से 80 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि अन्य के खाते में 12 से 15 सीटें बताई गई हैं।

बता दें कि ‘स्मॉल बॉक्स इंडिया’ का कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश समेत गुजरात और एमसीडी चुनाव में ओपिनियन पोल सही साबित हुआ था। स्माल बॉक्स ने बताया था कि कर्नाटक में कांग्रेस, हिमाचल में कांग्रेस, गुजरात में भाजपा और एमसीडी में आप की जीत होगी।

हिमाचल प्रदेश के लिए स्मॉल बॉक्स ने अपने ओपिनियन पोल में 39 सीटों पर कांग्रेस और 26 सीटों पर भाजपा की जीत बताई थी। नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए थे और हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई और भाजपा को 25 सीटों पर ही जीत मिली थी।

अभी हाल ही में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी ‘स्मॉल बॉक्स इंडिया’ का सर्वे सबसे सटीक था। कंपनी ने कांग्रेस के खाते में 129 सीट आने के संकेत दिए थे। यहां भी नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए और कांग्रेस पार्टी 136 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाने में कामयाब रही।

बहरहाल, मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 135 से भी ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ ने हाल ही में चार अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए हैं।

इन सर्वे में यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 160 से 174 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक पीसी शर्मा ने भी इसी रिपोर्ट के आधार पर रविवार को दावा किया है कि कांग्रेस 174 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी।



Related