भारत जोड़ो यात्रा के लिए मध्यप्रदेश में भी तेज़ हैं तैयारियां


प्रदेश में 52 जिलों में कई उपयात्राएं निकाली जाएंगी, राहुल गांधी अपनी यात्रा के दौरान महाकाल दर्शन भी करेंगे।


DeshGaon
राजनीति Published On :

भोपाल। कांग्रेस पार्टी की इस समय भारत जोड़ो यात्रा में जुटी हुई है। इस यात्रा में भले ही सभी नेता नजर न आ रहे हों लेकिन इस दौरान प्रदेशों में इस यात्रा के लिए तैयारियां जारी हैं।  मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की यह यात्रा ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। नेताओं के मुताबिक कांग्रेस ने इस यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इसे लेकर पीसीसी प्रमुख कमलनाथ ने शुक्रवार को तैयारियों का जायज़ा लिया। इस बैठक में भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश समन्वयक पीसी शर्मा, संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह सहित संगठन के कुछ अन्य नेता अन्य लोग मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक पीसीसी चीफ ने इस दौरान कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा के प्रवेश से पहले वे एकबार सड़क मार्ग से रूट का जायजा लेंगे। पूर्व सीएम बुरहानपुर से बड़वाह, बड़वाह से इंदौर और इंदौर से आगर मालवा तक प्रस्तावित रूट का यात्रा करेंगे। बैठक के दौरान यात्रा के समन्वयक पीसी शर्मा ने प्रदेश में यात्रा की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 उपयात्राएं निकलेंगी जो सभी 52 जिलों को कवर करेंगी।

शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान पदयात्री संविधान की प्रति लेकर आगे बढ़ते जाएंगे और अंत में सभी 15 यात्रा मुख्य यात्रा से जुड़ेंगी। करीब 35 दिनों तक प्रदेशभर में इस तरह की उपयात्राएं चलेगी। मुख्य यात्रा से इतर ये 15 उपयात्राएं 4 हजार किलोमीटर चलेंगी। यात्रा के लिए निर्धारित रूट के मुताबिक मध्य प्रदेश को पैदल तय  करने में कांग्रेस पदयात्रियों को 16 दिन लगेंगे।

यात्रा पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। मध्य प्रदेश में पहला पड़ाव 26 नवंबर को बुरहानपुर जिले का बोदारली होगा। यहां से खंडवा, सनावद, बड़वाह, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा से राजस्थान के कोटा जिले में जाएगी। मध्य प्रदेश में मुख्य यात्रा करीब 382 किलोमीटर की होगी जो राज्य के 7 लोकसभा और 18 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी नर्मदा एवं शिप्रा में डुबकी लगाकर आशीर्वाद लेंगे, साथ ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन भी जाएंगे। उज्जैन में वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मध्य प्रदेश में आम लोगों खासकर किसानों को भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ने के लिए तेजी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के लिए यह यात्रा न सिर्फ विधानसभा चुनाव को लेकर ही अहम है बल्कि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह का गृहराज्य भी है। ऐसे में कांग्रेस यहां अन्य राज्यों से ज्यादा व्यापक जनसमर्थन जुटाने की तैयारी में है।



Related