पुराने कांग्रेसी सहयोगी के समर्थन के लिए उसके चरणों में लोट गए शिवराज के ऊर्जा मंत्री

अब तक इमरती देवी, हरदीप सिंह डंग, बिसाहूलाल सिंह आदि के वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें इमरती देवी जहां पार्टी जाए भाड़ में कह रहीं हैं तो वहीं बिसाहूलाल पैसों को लेकर अपने कार्यकर्ताओं को पिस्तौल दिखाकर धमका रहे हैं।

कार्यकर्ता के आगे हाथ जोड़ते कैबिनेट मंत्री तोमर

भोपाल। उपचुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशियों से जुड़े कई दिलचस्प वीडियो सामने आ रहे हैं। अब तक लगभग सभी वीडियो उन्हीं पूर्व कांग्रेसी विधायकों के हैं जिन्होंने भाजपा के साथ आकर कांग्रेस की सरकार गिराई थी।

अब एक नया वीडियो शिवराज सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्मुम्न सिंह तोमर का आया है। ग्वालियर पूर्व सीट से चुनाव लड़ रहे मंत्री तोमर शनिवार को अपने एक पुराने सहयोगी स्थानीय नेता रघुराज सिंह तोमर से प्रचार में साथ चलने की अपील करते नजर आए। इस दौरान वे बार-बार अपनी कसम देकर उक्त कार्यकर्ता से विनती कर रहे थे।

रघुराज सिंह तोमर कांग्रेस के स्थानीय नेता हैं और प्रद्मुम्न सिंह तोमर के कांग्रेस छोड़ने से पहले उनके सहयोगी रहे हैं। मंत्री तोमर इनके पास समाज के वोटों के लिए विनती करने आए थे।

वीडियो के शुरुआत में कांग्रेस नेता रघुराज सिंह तोमर, मंत्री जी के आगे हाथ जोड़ रहे थे, फिर मंत्री तोमर ने कार्यकर्ता के हाथ जोड़ लिए। इसके बाद जब वे बार-बार उनसे प्रचार पर चलने की अपील कर रहे थे तो रघुराज सिंह उन्हें अपनी परेशानी बता रहे थे। अब मंत्री तोमर  कार्यकर्ता को मनाने के लिए सीधे सोफे से नीचे फर्श पर बैठ गए और उनके पैरों में सिर रखने की जिद करने लगे।

 

इस बीच जब कार्यकर्ता ने उनके लिए प्रचार करने को लेकर अपनी परेशानियां बताईं तो तोमर उन्हें मनाने लगे और कुछ ही पलों में वे  कुर्सी से नीचे उतरकर उक्त कार्यकर्ता के सामने झुक गए और फिर उसके पैरों की ओर लपक रहे थे। वहीं कार्यकर्ता इसे देखकर परेशान थे  वह तोमर रोक रहे थे।

इस दौरान कार्यकर्ता का बेटा उन्हें वापस ऊपर बैठने की विनती करता रहा लेकिन मंत्री नहीं मान रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेसी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसना शुरु कर दिया। अरुण यादव और दिग्विजय सिंह ने इस वीडियो को शेयर किया और कहा कि यही फर्क है टिकाऊ और बिकाऊ में।

इमरती, डंग और बिसाहू के वीडियो चर्चित  

अब तक इमरती देवी, हरदीप सिंह डंग, बिसाहूलाल सिंह आदि के वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें इमरती देवी जहां पार्टी जाए भाड़ में कह रहीं हैं तो वहीं बिसाहूलाल पैसों को लेकर अपने कार्यकर्ताओं को पिस्तौल दिखाकर धमका रहे हैं।

सुसावरा के हरदीप सिंह डंग की पत्नी को एक ग्रामीण ने अपने घर से जाने को कहा और डंग को मंदसौर जिले का पहला गद्दार बताया था। ये सभी वीडियो सोशल मीडिया पर खासे चर्चित हो रहे हैं। भाजपा जहां इन्हें लेकर चुप है तो वहीं कांग्रेस इसे  भाजपा से जनता की नाराजगी बता रही है।

 

First Published on: October 24, 2020 10:13 PM