मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी को मिला बहन प्रियंका का साथ

प्रियंका गांधी बुधवार देर रात सपरिवार भारत जोड़ो यात्रा कैंप में पहुंची थीं। उनके साथ पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी यहां आए हैं। 

इंदौर। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं। बुरहानपुर के बोरगांव से यह पदयात्रा सुबह साढ़े छह बजे की शुरू हुई। अपने नेताओं को अपने बीच पाकर स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी काफी खुश नज़र आए। प्रियंका पहली बार यात्रा में शामिल हो रहीं हैं। इस दौरान यात्रा में खासी भीड़ उमड़ी।

प्रियंका गांधी बुधवार देर रात सपरिवार भारत जोड़ो यात्रा कैंप में पहुंची थीं। उनके साथ पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी यहां आए हैं।

यात्रा में राजस्थान से सचिन पायलट भी पहुंचे। राहुल, प्रियंका के साथ सचिन पायलट की तस्वीर काफी चर्चा में है। लोग इसे भविष्य की कांग्रेस बता रहे हैं।

राहुल और प्रियंका गांधी के साथ सचिन पायलट, भारत जोड़ो यात्रा में

दोपहर में थोड़ी देर विश्राम के बाद राहुल गांधी करीब सवा दो बजे टंट्या भील की जन्मस्थली पहुंचेंगे। यहां वीर क्रांतिकारी टंट्या भील को श्रद्धांजलि अर्पित कर वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल होंगे। दोपहर तीन बजे यात्रा पंधाना गुरुद्वारा से फिर शुरू होगी। छैगांव माखन में पदयात्रा का विराम होगा। जबकि भारत यात्रियों के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी रोशिया, खेरदा में रात्रि विश्राम करेंगे।

दिसंबर को यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने से पहले छह जिलों बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा के 25-30 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए मध्य प्रदेश में 399 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मध्य प्रदेश की पांच लोकसभा सीटें भारत जोड़ो यात्रा के मार्ग में आती हैं। खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और देवास और इन सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।

 

First Published on: November 24, 2022 8:58 AM