भाजपा का घोषणा पत्र यानी अब मोदी की गारंटी, फिर रोज़गार, अच्छी शिक्षा और किसानों की खुशहाली का वादा


भाजपा ने इस बार आवास योजना और मुफ़्त राशन तथा आयुष्मान योजना पर ज्यादा फोकस किया है। रोजगार कितने देंगे इसे लेकर कोई ठोस आंकड़ा नहीं दिया है। इसकी वजह दो करोड़ रोज़गार देने का असफल वादा हो सकता है।


DeshGaon
बड़ी बात Updated On :

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इस बार अपने घोषणा पत्र में सभी वर्गों के लिए कुछ ना कुछ लुभावने वादे जरूर किए हैं। इस घोषणा पत्र को पार्टी संकल्प पत्र कहती है और इसे मोदी की गारंटी का नाम भी दिया गया है। घोषणा पत्र जारी होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मौजूद रहीं।

इस कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इक्कीसवीं सदी में देश की नींव सोशल, डिजिटल और फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर से मजबूत होगी।

इनमें आदिवासी समाज, गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, महंगाई, पर्यावरण, खेल जैसे मुद्दे अहम हैं। हालांकि दो करोड़ रोजगार सलाना देने का वादा करके सत्ता में आई पार्टी ने इस बार परोक्ष रूप से रोजगार की बात कही है। यानी इस बार सीधे रोजगार की बात ना करके भाजपा ने पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाने और कमाई के नए अवसर पैदा करने जैसे वादे किए हैं।

भाजपा के घोषणापत्र के कुछ अहम वादे…

  • 2025 को ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ घोषित किया जाएगा।
  • एक राष्ट्र, एक चुनाव और एक सामान्य मतदाता सूची प्रणाली शुरू की जाएगी।
  • मुफ्त राशन की योजना 2029 तक जारी रहेगी।
  • 70 साल के ऊपर सभी बुजुर्गों को “आयुष्मान भारत योजना” में जोड़ा जाएगा। पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
  • गरीबों के लिए 3 करोड़ और घर बनाने का संकल्प।
  • पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने का वादा।
  • करोड़ों परिवारों का बिजली बिल जीरो और बिजली बिल से कमाई के अवसर पैदा करने के दिशा में काम करेंगे।
  • इलेक्ट्रिकल व्हीकल की चार्जिंग व्यवस्था मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी।
  • नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होगी। हर नागरिक को अच्छी शिक्षा लागू होगी।
  • मुद्रा योजना की लोन की सीमा दस लाख से 20 लाख तक करने का वादा।
  • ट्रांसजेंडरों को भी आयुष्मान भारत योजना में जोड़ा जाएगा।
  • राष्ट्रीय सहकारिता नीति लाई जाएगी।
  • युवाओं के लिए इनवेस्टमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप, खेल, हाई वेल्यू सर्विस और पर्यटन के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
  • तमिल भाषा को बढ़ाने के लिए कई काम किए जाएंगे।
  • इको टूरिज्म सेंटर बढ़ाए जाएंगे।
  • 2036 में भारत की ओलंपिक में दावेदारी होगी।
  • पेपर लीक के खिलाफ कानून बनाएंगे।
  • बीज से बाजार तक किसानों की आय पर फोकस किया जाएगा. नैनो यूरिया और प्राकृतिक खेती से जमीन की सुरक्षा की जाएगी। श्री अन्न को सुपर फूड में बदला जाएगा।
  • मछुआरों के लिए नाव का हीमा, सैटेलाइट द्वारा समय पर जानकारी को मजबूत किया जाएगा।
  • लखपति दीदी योजना के तहत देश की लाखों महिलाओं को आगे भी सशक्त किया जाएगा। इसके लिए कल्याणकारी योजनाओं के साथ महिला सहायता समूहों को मदद दी जाएगी।
  • गिग वर्कर्स, ऑटो ड्राइवर, टैक्सी ड्राइवर, ट्रक ड्राइवर, घरों में काम करने वाले श्रमिक, माइग्रेंट वर्कर और कुली सभी को ई-श्रम पर जोड़कर कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करेंगे।

 



Related