दिल्ली: नकली पासपोर्ट और वीजा रैकेट चलाने वाले गिरोह का भांडाफोड़, 5 गिरफ्तार

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
fake passport visa gang

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की आईजीआई इकाई ने सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय नकली पासपोर्ट/वीजा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मास्टरमाइंड जाकिर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी (आईजीआई एयरपोर्ट) तनु शर्मा ने बताया कि इनके पास से 325 फर्जी पासपोर्ट, 175 फर्जी वीजा और अन्य संबंधित चीजें बरामद हुई हैं। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है कि इनके तार कहां जुड़े हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

दिल्लीः AAP के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मांगा डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का इस्तीफा –

दिल्ली की नई शराब नीति की आड़ में घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से इस्तीफे की मांग की।

बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली के आबकारी घोटाले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास समेत सात राज्यों की 21 जगहों पर सीबीआई ने छापेमारी की थी।

मुंबई पुलिस को मिला धमकी भरा मैसेज, कहा- होगा 26/11 जैसा हमला –

मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल को एक धमकी भरा मैसेज मिला जिसमें मुंबई में 26/11 जैसा हमले किए जाने की धमकी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस को यह मैसेज वॉट्सएप पर दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि अगर उसकी लोकेशन ट्रेस करोगे तो वो भारत के बाहर का दिखाएगा और धमाका मुंबई में होगा।

साथ ही इस धमकी में आगे कहा गया है कि छह लोग हैं भारत में, जो इस काम को अंजाम देंगे। जिस नंबर से यह मैसेज किया गया है वह पाकिस्तान का बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

राजस्थानः पाली में ट्रैक्टर-ट्रेलर की टक्कर में चार की मौत व 20 से ज्यादा घायल –

राजस्थान के पाली में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में तीन युवक और एक बच्चा शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, रामदेवरा (जैसलमेर) दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी श्रद्धालु गुजरात के बनासकांठा जिले के हैं। इनमें से अधिकतर कुकड़ी गांव के बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क हादसे पर दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

जम्मू-कश्मीरः भारी बारिश के बाद रोकी गई वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हुई –

जम्मू-कश्मीर के कटरा में पवित्र वैष्णो देवी की यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को कटरा में भारी बारिश के चलते यात्रा को अस्थाई तौर पर रोक दिया गया था।

माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। वे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को 27 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।

वृंदावनः बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी के मौके पर भगदड़, दो की मौत –

उत्तर प्रदेश के वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। भगदड़ में दबकर दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

मरने वाली की पहचान नोएडा की निर्मला देवी और जबलपुर के राजकुमार के रूप में हुई है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि भीड़ बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, रात दो बजे मंगला आरती शुरू होने से पहले ही भीड़ का दबाव बढ़ने लगा और दम घुटने की वजह से करीब 50 लोग बेहोश होकर गिर पड़े।



Related