MP: कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं पर पानी की बौछार व आंसू गैस के गोले

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के जारी आंदोलन को समर्थन करते हुए भोपाल में राजभवन का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे पर ही रोक लिया।

congress-protest

भोपाल। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के जारी आंदोलन को समर्थन करते हुए भोपाल में राजभवन का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे पर ही रोक लिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों कांग्रेसियों व पुलिस की भिड़ंत हो गई, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ना पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। साथ ही साथ पानी की बौछारों का इस्तेमाल भी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए किया गया।

इस दौरान पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और विधायक कुणाल चौधरी समेत 20 कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भोपाल में राजभवन के घेराव की शुरुआत की थी, लेकिन कांग्रेसी राजभवन तक नहीं पहुंच पाए हैं।

दोपहर 11 बजे सभी कार्यकर्ता जवाहर चौक में एकत्रित हुए। इसके बाद यहां से रैली राजभवन के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस ने रैली को रोशनपुरा के आगे नहीं जाने दिया।

इससे पहले ही पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। यही नहीं, कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे।

कृषि कानूनों के विरोध और देश में चले रहे किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस शनिवार को राजभवन का घेराव का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सहित प्रदेश एवं जिलों से आए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं।

रैली रवाना होने से पहले कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को मजबूर बनाना चाहती है और खेती-किसानी इन तीन बिलों के माध्यम से उद्योगपतियों के हवाले करना चाहती है। रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के अलावा पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और जीतू पटवारी समेत कई विधायक शामिल हुए हैं।

First Published on: January 23, 2021 2:06 PM