मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR: महिला सैन्य अधिकारी पर विवादित बयान देने पर बढ़ा बवाल, हाईकोर्ट की सख्ती से दर्ज हुई प्राथमिकी


मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ हाईकोर्ट के आदेश पर कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने को लेकर FIR दर्ज की गई है। मामला गरमाया, उमा भारती ने भी की बर्खास्तगी की मांग।


DeshGaon
बड़ी बात Updated On :

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह इन दिनों अपने एक विवादित बयान के चलते कानूनी और सियासी संकट में फंसते नजर आ रहे हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अब मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा। जबलपुर हाईकोर्ट की सख्ती के बाद इंदौर जिले के मानपुर थाने में उनके खिलाफ बुधवार रात 9:15 बजे FIR दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कह रहे हैं।

 

क्या है मामला?

विजय शाह ने महू क्षेत्र के रायकुंडा गांव में एक सार्वजनिक सभा में कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। यह बयान तेजी से वायरल हुआ और प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक मंत्री के बयान के विरोध में आवाजें उठने लगीं। महिला अधिकार संगठनों और विपक्षी दलों ने इसे सेना और महिला गरिमा का अपमान बताते हुए मंत्री के इस्तीफे और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

इस पूरे मामले में निर्णायक मोड़ तब आया जब जबलपुर हाईकोर्ट ने 14 मई की सुबह सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री विजय शाह के बयान को सामाजिक वैमनस्य और धार्मिक असहिष्णुता फैलाने वाला बताया। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया इसे गंभीर अपराध मानते हुए मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को उसी दिन शाम तक एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि आदेश का पालन नहीं हुआ तो पुलिस महानिदेशक के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की जा सकती है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 15 मई को शीर्ष प्राथमिकता पर रखने के निर्देश भी दिए हैं।

 

 

 

सियासी दबाव भी तेज

हाईकोर्ट के आदेश के तुरंत बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और देर रात मानपुर थाने में विजय शाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। एफआईआर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत की गई है, जिसमें मानहानि और आपराधिक बयानबाजी से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।

 

उमा भारती ने भी जताई नाराजगी

 

इस मामले पर भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा—

 

“विजय शाह की मंत्री पद से बर्खास्तगी और FIR दोनों तत्काल होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने न केवल कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान किया है बल्कि देशवासियों को भी शर्मसार किया है।”

 

सेना और समाज के लिए असहनीय

कर्नल सोफिया कुरैशी देश की उन चुनिंदा महिला सैन्य अधिकारियों में से हैं जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभियानों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। ऐसे में उनके खिलाफ मंत्री स्तर के व्यक्ति द्वारा दिया गया बयान सेना की संस्थागत गरिमा और महिलाओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला माना जा रहा है।

 

 

 



Related