VIDEO: ‘किसान यात्रा’ में शामिल होने निकले SP प्रमुख अखिलेश यादव गिरफ्तार, घर में थे नज़रबंद


अखिलेश का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद ईको गार्डन भेजा जा रहा है, जहां उन्हें कस्टडी में रखा जाएगा।


नित्यानंद गायेन
बड़ी बात Updated On :

सोमवार, 7 दिसंबर को किसान आंदोलन के समर्थन में कन्नौज में होने वाले किसान यात्रा से पहले ही पुलिस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले उनको  उनके निजी आवास में नज़रबंद किया गया था। प्रशासन ने पहले लखनऊ में उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग की थी। इसके बाद अखिलेश पास में ही धरने पर बैठ गए थे, लेकिन अब उन्हें हिरासत में लिया गया है।  

अखिलेश का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद ईको गार्डन भेजा जा रहा है, जहां उन्हें कस्टडी में रखा जाएगा।

वहीं, मध्यप्रदेश में सपा के पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने वीडियो जारी कर कहा कि समाजवादी कभी जेल जाने से घबराते नहीं हैं। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में एक वीडियो अपील जारी की है।

समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि ‘किसान यात्रा’ में शामिल होने निकले माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को मुख्यमंत्री के आदेश पर असंवैधानिक रूप से पुलिस द्वारा गिरफ्तार करना किसानों की आवाज को सत्ता के जोर पर कुचलने की पराकाष्ठा है। किसानों से हो रहे अन्याय के खिलाफ जारी रहेगा समाजवादियों का संघर्ष।

सपा ने कहा कि, समाजवादियों को गिरफ़्तार कर उन्हें किसानों का साथ देने से नहीं रोक पाएगी दंभी सरकार ! समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता, नेता अपने अपने गृह जनपदों में किसान यात्रा को जारी रखें।

बता दें कि, किसानों ने कल 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस, वाम दलों, आप, शिवसेना, एनसीपी समेत कई अन्य दलों ने भारत बंद का समर्थन किया है। किसानों के समर्थन में अखिलेश यादव ने भी किसान यात्रा निकालने का एलान किया है।

आज सुबह अखिलेश यादव  ने दो  ट्वीट किये थे  – ‘कदम-कदम बढ़ाए जा, दंभ का सर झुकाए जा। ये जंग है जमीन की, अपनी जान भी लगाए जा।’,  जहां तक जाती नज़र वहां तक लोग तेरे ख़िलाफ़ हैं ऐ ज़ुल्मी हाकिम तू किस-किस को नज़रबंद करेगा!

सपा के नेता वीरेंद्र यादव ने एक ट्वीट कर लिखा है -“सुबह अपने आवास से किसान यात्रा के लिए निकलते ही पुलिस प्रशासन ने मुझे घर पर ही नजरबंद कर दिया है। तानाशाही सरकार समाजवादीयों को गिरफ्तार कर उन्हें किसानों का साथ देने से नहीं रोक पायेगी।”

 

एक अन्य ट्वीट में सपा ने कहा -अन्नदाता से अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्षरत रहेंगे समाजवादी। ‘ किसान यात्रा ‘ को रोकने के लिए दमन की हर सीमा पार कर रही है सत्ता। किसानों की आवाज़ बुलंद करने निकले राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को असंवैधानिक तरीके से सीएम के आदेश पर गिरफ़्तार करना घोर निंदनीय!

इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा कि किसानों के आंदोलन को पूरे देश में बल के आधार पर दबाया जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया है। इसी क्रम में 7 दिसंबर से अनवरत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के पक्ष में सड़क पर रहेंगे। 7 दिसंबर को अखिलेश यादव को कन्नौज जाना था, लेकिन उन्हें अलोकतांत्रिक तरीके से रोक कर हाउस अरेस्ट किया गया है। क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों को भी देखा है। इस घमंड वाली सरकार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चूर चूर कर देंगे। हमारे नेता किसानों के साथ हैं और हम किसानों के मुद्दे पर सदन से सड़क तक लड़ते रहेंगे।



Related