महिला को सरेराह निर्वस्त्र कर पीटा, पुलिस ने पकड़े चार आरोपी

DeshGaon
उनकी बात Updated On :

इंदौर। आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में एक महिला को सरेआम निर्वस्त्र कर दिया गया। इस दौरान महिला और उनके पति की बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपी बाद में निर्वस्त्र स्थिति में ही महिला को ज़बरदस्ती अपने साथ ले गए। मामले में आरोपी महिला का प्रेमी बताया जा रहा है जिसने अपने चार साथियों के साथ मिकलर यह अपराध किया।

उक्त घटना झाबुआ के रायपुरिया पुलिस थाना क्षेत्र  में आने वाली ग्राम पंचायत जामली के रूपारेल गांव की है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता की रूपारेल निवासी मजरूह मेहरबान से शादी हुई थी। हालांकि, आठ माह पहले वह मुकेश कटारा नाम के एक युवक के पास जाकर रहने लगी थी। इसके बाद बुधवार शाम वह वापस अपने पति के पास आ गई। मुकेश इस बात से नाराज था और वह महिला को सबक सिखाना चाहता था और इसके लिए वह महिला के पीछे ही रूपारेल गांव पहुंचा। जहां उसने बीच सड़क पर महिला को निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद महिला और उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बड़ी भीड़ तमाशा देख रही थी और कुछ लोग वीडियो बना रहे थे।

इस बीच खबर पुलिस को भी मिल गई लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक आरोपी महिला को जबरन बाइक पर बिठाकर अपने साथ ले जा चुके थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पता निकाला और पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला को रेस्क्यू किया साथ ही मुकेश और उसके तीन साथी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित महिला एवं उसके पति को हॉस्पिटल में भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उनके बयानों के आधार पर ही पूरी घटना का खुलासा होगा। घटना को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।



Related