रामनवमी के जुलूस पर पथराव, मकानों में लगाई आग, एसपी और टीआई घायल


डीजे के शोर को लेकर बिगड़ा माहौल, पुलिस को छोड़ने पड़े आंसू गैस के गोले, कलेक्टर ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील 


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

खरगोन। शहर में रामनवमी के दौरान रविवार को यात्रा में शामिल डीजे को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने रामनवमी के जुलूस पर पथराव कर दिया। यहां देखते ही देखते स्थिति काबू से बाहर हो गई। जिसके बाद पुलिस को भी सख्ती बरतनी पड़ी।

उपद्रवियों  को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में टी आई सहित कई लोग घायल हुए हैं। यही नहीं उपद्रवियों ने शीतला माता मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ भी की।

शहर में कई जगह रह रह कर पथराव होता रहा। इसे संभालने के लिए जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

राम नवमी के अवसर पर शहर में सुबह से ही कई कार्यक्रम हो रहे थे और तकरीबन सभी कुछ शांति से चल रहा था लेकिन शाम 5 बजे अचानक यह स्थिति बदल गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे भोला चौक से राम वन शोभायात्रा शुरु हुई।

इस यात्रा में काफी लोग शामिल हुए थे और भक्ति गीतों को डीजे के माध्यम से बजाया जा रहा था। शोभायात्रा के तालाब चौक पहुंचने पर डीजे को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान शोभा यात्रा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र सहकार नगर (पाला बाजार ) से गुजरी जहां  पथराव शुरु हो गया।

 

इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया लेकिन पथराव को रोकना मुश्किल हो रहा था। इस पथराव में आम लोगों के साथ पुलिसकर्मियों के घायल होने के खबर है। घायलों में एसपी सिद्धार्थ चौधरी और कोतवाली टी आई बनवारी मंडलोई भी शामिल हैं।

 

इस फसाद की खबर कुछ ही समय में दूसरे हिस्सों में फैल गई और वहां भी स्थितियां बिगड़ने लगी तथा पथराव शुरू हो गया। एचडी बिगड़ते देख पुलिस के आला अधिकारी डीआईजी तिलक सिंह और कलेक्टर अनुग्रह पी भी मौके पर पहुंच गए।

प्रशासन ने शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है और यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि इस दौरान भी हिंसा जारी ही रही और उपद्रवियों ने शीतला माता मंदिर में तोड़फोड़ कर दी और करीब 4 मकानों में आग लगा दी। इस दौरान मोटरसाइकिल को भी आग लगा दी गई।

लगातार बिगड़ रही स्थितियों को देखते हुए अन्य जिलों से भी पुलिस बल को बुलाया गया है वहीं आसपास के दूसरे जिलों में भी पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं। कलेक्टर अनुग्रह पी ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।

 



Related