मतगणना के बाद रूझानों में 5 पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस व 2 निर्दलीय के जीत के दावे


जिपं सदस्य की 8 सीटों पर मतगणना के बाद प्रत्याशियों के एजेंट कर रहे दावा।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :
congress-vs-bjp

धार। दूसरे चरण के चुनाव खत्म होने के बाद जिले में मतगणना की शुरुआत हुई। इस मतगणना के बाद आए रूझानों ने भाजपा को फिर से जिपं चुनाव की जंग में जीत की तरफ लाकर खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस-जयस के गढ़ में भाजपा सेंधमारी करने में कामयाब रही है। इसका नतीजा है कि दूसरे चरण की 8 सीटों में से भाजपा ने 5 पर जीत का दावा किया है। कांग्रेस को इस बार नुकसान उठाना पड़ा है।

गंधवानी के वार्ड-21 से कांग्रेस रूझानों में आगे रही है जबकि सिंघाना और धरमपुरी में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने रूझानों में जीत का दावा किया है।

पहले चरण के रूझानों में भाजपा की स्थिति कमजोर देखने को मिली थी। कुल 10 में से 6 पर भाजपा पीछे रही थी। सिर्फ 4 सीट ही भाजपा के पक्ष में रहने का दावा किया था।

ऐसे में कांग्रेस के पास शुरूआत में 6 सीट रहने की बात बात सामने आई थी। लेकिन दूसरे चरण में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए स्थिति में सुधार किया है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लिए तीसरा चरण काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।

पहले और दूसरे चरण में मतगणना के रूझान के बाद भाजपा खेमे के पास 9 व कांग्रेस के पास 7 सीट होने की संभावना जताई गई है जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं।

चारों ब्लॉक में पकड़ मजबूत –

पहले चरण में कांग्रेस के आगे रहने के बाद गंधवानी, धरमपुरी, उमरबन और मनावर से काफी उम्मीदें जताई जा रही थी। इन तीनों विधानसभा में कांग्रेस विधायक हैं, लेकिन यहां पर भाजपा की सेंधमारी देखने को मिली है।

मनावर में 1 भाजपा व 1 भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के आगे रहने की जानकारी है। ऐसे में दोनों सीट कांग्रेस से हाथ से जाते दिख रही है। वहीं गंधवानी में भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर रही है।

दो बार विधानसभा चुनाव हार चुके सरदारसिंह मेड़ा ने जिपं सदस्य चुनाव में मजबूत पकड़ दिखाई है। उमरबन में दिवंगत भाजपा नेता गोपाल कन्नौज के पुत्र शिवराम रूझानों में आगे है। यहां दोनों सीट भाजपा के पास जाती दिख रही है।

दूसरे चरण की तस्वीर
गंधवानी ब्लॉक :

वार्ड क्रमांक-21 : कमला धारवे (कांग्रेस)
वार्ड क्रमांक-22 : सरदारसिंह मेड़ा (भाजपा)

मनावर ब्लॉक :

वार्ड क्रमांक-23 : कपिल सोलंकी (निर्दलीय)
वार्ड क्रमांक-24 : गणेश जर्मन (भाजपा)

उमरबन ब्लॉक :

वार्ड क्रमांक-25 : गजेंद्र भवेल (भाजपा)
वार्ड क्रमांक-26 : शिवराज गोपाल कन्नौज (भाजपा)

धरमपुरी ब्लॉक :

वार्ड क्रमांक-27 : शशी शैलेंद्र जायसवाल (भाजपा)
वार्ड क्रमांक-28 : राजू बेन चौहान (निर्दलीय)

नोट – यह सूची पार्टी प्रतिनिधियों, पोलिंग बूथ एजेंट व समर्थकों द्वारा किए गए जीत के दावे के अनुसार। 14 जुलाई को नतीजों आना है।



Related