जेपी नड्डा का भोपाल दौरा: कांग्रेस पर रहा फोकस, कार्यकर्ताओं से कहा तर्क और मुद्दों के साथ जाएं जनता के बीच

DeshGaon
राजनीति Published On :
JP nadda

भोपाल। गृह मंत्री अमित शाह के छिंदवाड़ा दौरे के तुरंत बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल पहुंचे। नड्डा यहां आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दो से अधिक सीट और 51 प्रश वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। अपने इस दौरे के बीच नड्डा ने भोपाल में बनने वाले नए पार्टी कार्यालय का भूमिपूजन भी किया। यह कार्यालय सबसे आधुनिकतम होगा और इस पर सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान नड्डा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा, पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहे। नड्डा शाम को मुख्यमंत्री निवास पर भी पहुंचे।

भाजपा के नए कार्यालय के भूमिपूजन के दौरान जेपी नड्डा और सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने परिवार के साथ

जेपी नड्डा ने भोपाल में पार्टी नेताओं के अलावा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में पार्टी के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित किया।  इस दौरान नड्डा ने मोदी सरकार और शिवराज सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां गिनाईं और पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि ये बातें वो जनता के बीच जाकर बताएं। नड्डा ने यहां कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे तर्कों और मुद्दों के आधार पर जनता के बीच जाएं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का गला खराब हो गया और  इसी दौरान नड्डा ने कहा कि ये गला खराब करने का नहीं, विरोधियों की हालत खराब करने का समय है।

नए पार्टी कार्यालय का भूमिपूजन कार्यक्रम

नड्डा ने कांग्रेसी नेताओं पर भी जुबानी हमले किए। उन्होंने कांग्रेसियों को अहंकार में डूबा बताया। राहुल गांधी द्वारा नीरव मोदी और दूसरे ठगों के संबंध में दिए गए पुराने बयान को नड्डा ने राजनीतिक रुप से इस्तेमाल करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इनके नेता अति पिछड़ों को जाति सूचक गाली देते हैं और फिर माफी भी नहीं मांगते। इनके लिए अहंकार बड़ा हो गया और समझदारी छोटी।

पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह को भी निशाने पर लिया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के लोग सत्याग्रह कर रहे हैं। सत्याग्रह तो महात्मा गांधी ने किया था, भारत के सम्मान के लिए, भारत की अस्मिता के लिए, भारत में भारतीयता का राज हो इसके लिए। आप किस बात का सत्याग्रह कर रहे हो। जाति सूचक गाली देते हो। कोर्ट कहता है माफी मांगो। आपका अहंकार है, आप माफी नहीं मांगते हो। रस्सी जल गई बल नहीं गया, अहंकार नहीं गया। कहते हैं मैं किसी से नहीं डरता, अरे भाई संविधान और कानून से तो डरो, लेकिन नहीं। सत्याग्रह करने चले। देश इनको कभी माफ नहीं करेगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मतलब करप्शन, कमीशन हो गया है। उन्होंने कांग्रेस को डिवीजन, भाई-भजीतावाद, परिवारवाद बताया और भाजपा का मतलब बताते हुए पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का मतलब मिशन, समाज सेवा, महिला और समाज का सशक्तिकरण तथा रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति होता है, जो कहा वो किया, जो कहेंगे वो करके दिखाएंगे।

पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने पार्टी में लौटे प्रीतम सिंह लोधी और कांग्रेस से शामिल होने आईं मोना सुस्तानी

इस दौरान कांग्रेस की एक नेता मोना सुस्तानी भाजपा में औपचारिक रुप से शामिल हो गईं। सुस्तानी ने2019 में ग्वालियर से कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में लोकसभा का चुनाव लड़ा था हालांकि वे बुरी तरह हारीं थी। सुस्तानी करीब 4.28 लाख वोटों से हारी थीं। वे जिला पंचायत और जनपद पंचायत की सदस्य भी रहीं हैं। मोना का दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता था हालांकि पिछले काफी समय से वे भाजपा नेताओं के संपर्क में थीं। इसके अलावा हालही में भाजपा के द्वारा छह साल के लिए पार्टी से निष्काषित किए गए प्रीतम सिंह लोधी भी भाजपा में लौट आए। लोधी को ब्राम्हण समाज के लिए अपशब्द कहने के आरोप में निष्काषित किया गया था।



Related