भोपाल। पन्ना जिले के एक कपड़ा व्यापारी संजय सेठ ने अपनी पत्नी के साथ आत्महत्या कर ली। व्यापारी ने इससे पहले एक वीडियो भी जारी किया। जिसमें उन्होंने कई लोगों के नाम लिखे हैं जिन्होंने उनका पैसा नहीं लौटाया। हालांकि व्यापारी ने अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करने के लिए कहा है और बताया है कि इसके लिए उन्होंने पैसा जमा कर रखा है। पुलिस का अंदाजा है कि व्यापारी ने पहले पत्नी को गोली मारी, फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय सेठ शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी थे। रविवार को उनका और उनकी पत्नी मीनू का शव उनके किशोरगंज क्षेत्र के घर में मिला। इसके साथ एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उन्होंने कई बातें लिखी हैं। इनमें बागेश्वर धाम का भी जिक्र है। संजय ने लिखा है कि गुरुजी माफ करना। अगला जन्म यदि मिले तो आपके पक्के भक्त के रुप में ही मिले।
पन्ना में कपड़े के बड़े कारोबारी संजय सेठ और उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली, संजय से कई लोगों ने उधार ले रखा था अपने सुसाइड नोट में उन्होंने इसका ज़िक्र भी किया है साथ ही वो #बागेश्वर_धाम_सरकार के भक्त थे उनसे माफी भी मांगी है pic.twitter.com/L0NsIywk5d
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) January 29, 2023
इस कदम से पहले मृतक संजय सेठ ने खुद का एक वीडियो भी बनाया है। जिसमें वो रोते हुए उन लोगों के नाम ले रहे हैं, जिन्होंने उनका कर्ज नहीं चुकाया। वीडियो में संजय कह रहे हैं, ‘मेरे बच्चों की खातिर मेरा पैसा वापस कर देना प्लीज। मेरी बिटिया की शादी 50 लाख से 1 करोड़ में करें। मेरी बेटी के खाते में पैसा है। लॉकर में 29 लाख रखा है। मैं और मेरी धर्मपत्नी दोनों जा रहे हैं। अब नहीं जी पा रहे हैं। जेवर बहुत सारा है बिटिया के लिये। मेरे बच्चों माफ करना अब नहीं जी पा रहा।’
खबर के मुताबिक घटना के वक्त घर की दूसरी मंजिल के कमरे में संजय और मीनू दोनों ही थे। गोली की आवाज सुनते ही परिवार के अन्य लोग ऊपर पहुंचे, तब तक मीनू ने दम तोड़ दिया था। हालांकि, संजय की सांसें चल रही थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही संजय ने भी दम तोड़ दिया।
मामले में पन्ना एसपी धर्मराज मीणा ने इस मामले की जांच शुरु कर दी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी बाहरी शख्स पर हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने का शक नहीं है। पत्नी-पति ही उस कमरे में थे और कोई नहीं आया। लेकिन फिर भी इस मामले की सारे एंगल से जांच कर रहे हैं।
















