भोजशाला में ASI सर्वे का 21वां दिन: नौ घंटे हुआ काम, पचास मीटर परिधी में मुस्लिम समाज के प्रवेश पर हिंदू पक्ष की आपत्ति


सर्वे में अधिकारियों की संख्या कम होने से काम की गति में भी कमी आई है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :

धार की ऐतिहासिक भोजशाला में हाईकोर्ट के आदेश पर भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण की टीम का सर्वे जारी है। गुरुवार को सर्वे का 21वां दिन रहा एएसआई टीम के 18 लोगों ने 22 मजदूरों के साथ लगभग 8 बजे परिसर में प्रवेश किया।

एएसआई की टीम ने हिन्दू समाज के गोपाल शर्मा याचिकाकर्ता आशीष गोयल और मुस्लिम समाज के अब्दुल समद की मौजूदगी में टीम ने सर्वे किया है। लगातार दूसरे दिन सर्वे में शामिल एएसआई के अधिकारियों की संख्या कम हैं, इसके पीछे वजह त्योहार को बताया जा रहा है। वहीं एएसआई की टीम में अधिकारियों की संख्या कम होने से सर्वे के कार्य की गति भी धीमी हुई है, जल्द ही कुछ एएसआई के विशेषज्ञ अधिकारी यहां पर आधुनिक मशीनों को लेकर आएंगे जिसके बाद सर्वे के काम में गति आने की उम्मीद है।

खास उपकरण और तकनीकों का इस्तेमाल

जानकारी के मुताबिक सर्वे में ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार नाम के एक उपकरण का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। इसकी सहायता से जमीन के भीतर की संरचना का पता लगाया जा रहा है। इस दौरान दरगाह परिसर स्थित अकल कुई (कूप) का भी सर्वे किया गया। टीम इसका पिछले चार दिनों से गहराई से आकलन कर रही है। टीम भोजशाला के पिछले हिस्से में भी गई और सर्वे कार्य किया।

एएसआई को टीम थियोडोलाइट मशीन का उपयोग कर रही है। इस मशीन से परिसर के प्रत्येक अक्ष के कोण को सटीक मापा जा सकता है। इसके साथ ही जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम), आप्टिकल स्क्वायर, एलडीएम (लेजर डिस्टेंस मशीन) जैसी तकनीकों का भी इस सर्वे में इस्तेमाल किया जा रहा है।

भोज शाला की 50 मीटर परिधी में मुस्लिम समाज के प्रवेश पर आपत्ति:

भोज शाला मुक्ति यज्ञ के गोपाल शर्मा ने बताया की हाईकोर्ट के आदेश पर भोजशाला एवं परिसर के बाहर 50 मीटर की परिधि में एएसआई का सर्वे चल रहा है और इसके बावजूद मुस्लिम समाज के लोग 50 मीटर परिधि में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर रहे है। जिस पर हमारी आपत्ति है। अगर इस प्रकार के अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा सर्वे कार्य प्रभावित करने के उद्देश्य से किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि करते हे तो सर्वे कार्य प्रभावित हो सकता है। यह हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप नहीं है और प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी इसके जिम्मेदार रहेंगे अगर किसी को परिसर में प्रवेश दिया जाता है तो हिन्दू समाज के लोगो की तरह आगे के गेट से पुलिस जांच कर प्रवेश दे। पिछले गेट से बिना सुरक्षा जांच के किसी एक पक्ष के लोगो की आवाजाही बंद करे। इस से सर्वे कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

एएसआई का फोकस अकल कुइयां पर :

लगातार चौथे दिन टीम का फोकस अकल कुइयां की ओर है। कल भी एएसआई के कई विधाओं के जानकारों ने यहां पर काम किया था। अब उसी काम को आगे बढ़ाने की उम्मीद है। भोजशाला के दाएं व बाएं वाले हिस्से में मुख्य भवन की दीवार से लगी मिट्टी भी हटाई जा रही है, ताकि इन दीवारों की नींव के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। टीम ड्राफ्टिंग, मैपिंग व सफाई का काम कर रही है।



Related