महू जनपद चुनाव: भाजपा सदस्यों के काफ़ी नज़दीक थे कांग्रेसी लेकिन उषा ठाकुर की बाड़ेबंदी को नहीं तोड़ पाए


बताया जाता है कि इस बीच कांग्रेसियों ने कुछ भाजपाई जनपद सदस्यों से बातचीत करने की कोशिश भी की लेकिन वे कांग्रेसी कई कारणों से उन्हें मनाने में नाकाम रहे।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Updated On :

इंदौर। महू जनपद पर लगातार दूसरे बार पर भाजपा का कब्जा रहा। यहां बुधवार को चुनाव हुए। इनमें भाजपा की ओर से अध्यक्ष प्रत्याशी सरदार मालवीय को 15 और कांग्रेस के प्रत्याशी को 10 वोट मिले। इसी तरह दोपहर बाद हुए चुनावों में भाजपा के ही बीरबल डाबर उपाध्यक्ष बने। उन्हें 25 में से 15 वोट मिले हैं।

चुनाव से ऐन पहले मंत्री उषा ठाकुर भाजपा के जनपद सदस्यों को लेकर महू पहुंचीं। सभी 14 सदस्य बुधवार को भोपाल से यहां पहुंचे थे। चुनाव के बाद से ही भाजपा को टूट का डर था ऐसे में इन सदस्यों को इन अध्यक्ष के चुनाव होने तक करीब 15 दिनों तक अलग अलग स्थानों पर बाहर रखा गया। हालांकि भाजपा के 25 में से 14 सदस्य चुनाव जीते थे।

भाजपा को टूट का डर इतना था कि जनपद सदस्यों को सीधे सर्किट हाउस पहुंचाया गया। यहां मंत्री उषा ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहीं। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे जनपद कार्यालय में मतदान शुरू हुआ और मंत्री अपने ख़ास समर्थक आर्य परिवार के घर पर ही बैठकर ही चुनाव पर नजर रखे हुईं थीं।

ठाकुर के द्वारा जनपद सदस्यों की इस बाड़ेबंदी की पर्याप्त वजहें थी। दरअसल चुनाव के बाद से ही लगातार कहा जा रहा था कि कांग्रेस जनपद पंचायत में अपना अध्यक्ष बनाना चाहती है और इसके लिए वह किसी भी तरह विरोधियों को मनाने में जुटी है। बताया गया कि इसका ज़िम्मा खुद अंदर सिंह दरबार ने लिया था।

बुधवार के दिन भी दरबार खासे सक्रिय रहे और जनपद कार्यालय के बिल्कुल नजदीक से चुनावी प्रक्रिया को देखते रहे। बताया जाता है कि इस बीच कांग्रेसियों ने कुछ भाजपाई जनपद सदस्यों से बातचीत करने की कोशिश भी की लेकिन वे कांग्रेसी कई कारणों से उन्हें मनाने में नाकाम रहे।

एक सदस्य ने उनकी गोपनीयता की इच्छा जताते हुए देशगांव को बताया कि कांग्रेस के पास भाजपाई सदस्यों को पेश करने के लिए सिवाए भविष्य के वादों के कुछ भी नहीं था लेकिन अगर क्रॉस वोटिंग होती तो सज़ा के तौर पर इन सदस्यों का राजनीतिक भविष्य चौपट होना तय था।

एसे में कांग्रेस अपनी कमजोर रणनीति के कारण विफल रही और मंत्री उषा ठाकुर की घेराबंदी पूरी तरह सफल रही। ठाकुर अपने सभी सदस्यों को एक साथ रखने में कामयाब रहीं।

 

इसके बाद वे जश्न में भी शामिल हुई और अपने दोनों प्रत्याशियों की जीत जीत पर उन्हें और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी बार महू जनपद पंचायत पर अपना कब्जा किया है। इससे पहले यहां अध्यक्ष लीला पाटीदार तथा उपाध्यक्ष मेहमूद सेठ थे।

 

 



Related