बुरहानपुरः डाकघर के सिस्टम पर साइबर अटैक, स्क्रीन पर नजर आ रहा था जोकर


बुरहानपुर के मुख्य डाकघर में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे जैसे ही कर्मचारियों ने मल्टी परपज काउंटर वाले कंप्यूटर को चालू किया उसके स्क्रीन पर एक जोकर की तस्वीर नजर आने लगी और विभाग के सॉफ्टवेयर ने काम करना बंद कर दिया।



इन्दौर Published On :
cyber attack burhanpur

बुरहानपुर (इंदौर)। बुरहानपुर के मुख्य डाकघर में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे जैसे ही कर्मचारियों ने मल्टी परपज काउंटर वाले कंप्यूटर को चालू किया उसके स्क्रीन पर एक जोकर की तस्वीर नजर आने लगी और विभाग के सॉफ्टवेयर ने काम करना बंद कर दिया।

देर शाम तक डाक विभाग के आला अधिकारी यह तय नहीं कर पाए थे कि कंप्यूटर को हैक किया गया है अथवा यह काम किसी वायरस का है। हालांकि जानकार इसे साइबर हमला ही बता रहे हैं।

इस साइबर हमले के कारण मुख्य डाकघर में दिनभर पार्सल, रजिस्ट्री और मनीऑर्डर सहित अन्य कामकाज ठप रहा। कर्मचारियों के मुताबिक, पिछले साल भी नवंबर माह में ऐसे ही वायरस ने कंप्यूटर को अपने कब्जे में ले लिया था और सारा कामकाज ठप कर दिया था।

बताया जा रहा है कि करीब चौबीस घंटे के बाद विभाग के एक्सपर्ट कंप्यूटर को ठीक कर पाए थे, तब जाकर कामकाज सुचारू हो सका था।

बुरहानपुर के पोस्ट मास्टर अनुराग धेंगुला ने बताया कि

कंप्यूटर की स्क्रीन पर सुबह से जोकर जैसी तस्वीर नजर आ रही है। हो सकता है कि यह किसी वायरस का हमला है। विभाग के वरिष्ठ अफसरों को सूचना दे दी गई है। जांच के बाद एक्सपर्ट तय करेंगे कि कंप्यूटर हैक हुआ था या वायरस ने कामकाज ठप किया था। शुक्रवार को एक्सपर्ट बुरहानपुर पहुंच सकते हैं। राजस्व का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।

गुरुवार को हुए साइबर हमले की खबर कुछ ही देर में खंडवा से लेकर भोपाल तक पहुंच गई थी जिससे दिनभर विभाग में हड़कंप की स्थिति रही। आला अधिकारी लगातार जानकारी ले रहे थे।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक साइबर अपराधियों ने बुरहानपुर के साथ ही खंडवा और अन्य कई शहरों के डाक विभाग के कंप्यूटर्स को निशाना बनाया है। वहां के कंप्यूटरों में भी जोकर जैसी तस्वीर उभरने के बाद सॉफ्टवेयर ठप हो गए थे।

विभाग के साइबर एक्सपर्ट ने सभी जगह के कर्मचारियों को कंप्यूटर ऑफलाइन करने के निर्देश दिए थे। उनका कहना था कि इससे हैकर महत्वपूर्ण जानकारी नहीं चुरा पाएंगे।



Related






ताज़ा खबरें