वनस्पति घी में एसेंस मिलाकर स्टील के डिब्बे में बंद कर बेचा जा रहा गांव का देशी घी


मंगलवार सुबह एडीएम मनोज ठाकुर एवं खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी मनीष जैन की टीम ने धुवगट गांव में दौलत साहू के घर पर दबिश दी। यहां मौके पर करीब 20 किग्रा से अधिक वनस्पति घी, दूध का एसेंस और सोयाबीन या दूसरे तरह का तेल पाए गए।


ब्रजेश शर्मा ब्रजेश शर्मा
घर की बात Updated On :

नरसिंहपुर। स्थानीय जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा अमले ने जिला मुख्यालय के  पास ही  धुवगट गांव में एक घर पर दबिश देकर नकली देसी घी बनाने की सामग्री बरामद की है। यहां बीते काफी समय से नकली घी को असली देशी घी बताकर स्टील के डिब्बे में बेचा जा रहा था। इस मामले पर जिला प्रशासन पिछले काफी समय से नज़र रख रहा था।

मंगलवार सुबह एडीएम मनोज ठाकुर एवं खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी मनीष जैन की टीम ने धुवगट गांव में दौलत साहू के घर पर दबिश दी। यहां मौके पर करीब 20 किग्रा से अधिक वनस्पति घी, दूध का एसेंस और सोयाबीन या दूसरे तरह का तेल पाए गए।

खबर के मुताबिक एसेंस मिलाकर नकली घी को शुद्ध घी बताया जाता था और उसे स्टील के डिब्बे में यह कहकर बेचा जाता था कि गांव का यह देसी घी है। फिलहाल  मौके से बीस किलोग्राम से अधिक वनस्पति घी, बॉटल में दूध का एसेंस और अन्य सामग्री बरामद की है।

एडीएम मनोज ठाकुर के मुताबिक दौलत साहू के बारे में उनके पास काफी शिकायतें थीं। जिसके बाद कार्रवाई के लिए योजना बनाकर दबिश दी गई। दबिश के समय प्रशासन की गाड़ी देखकर कई मौके से भाग निकले। जिला प्रशासन की टीम अब क्षेत्र में दूसरे मिलावट खोरों पर कार्रवाई करने की योजना बना रही है। इसके लिए क्षेत्र भर के उत्पादों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन के मुताबिक शासन ने निर्देशों के अनुसार अब इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएंगी। प्रशासन ने आमजनों से भी इस तरह की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है ताकि मिलावट खोरी को रोका जा सके।



Related