नरसिंहपुरः प्रेम संबंध छुपाने के लिए नाबालिग ने कर दी 10 वर्षीय मासूम की हत्या


– बहन को आपत्तिजनक हालत में देखना भारी पड़ा, प्रेमी ने मारकर नदी में फेंका।
– नरसिंहपुर जिले के मुराछ घाट पर मिला शव।


ब्रजेश शर्मा ब्रजेश शर्मा
नरसिंहपुर Updated On :
narsinghpur-child-murder

नरसिंहपुर। जबलपुर के बेलखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम जुगपुरा से पिछले 10 दिन से लापता दस साल के मासूम का शव नरसिंहपुर जिले में मुराछ घाट पर नर्मदा नदी में उतराते हुए मिला।

जबलपुर पुलिस ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि मासूम की हत्या उसके ही बहन के प्रेमी ने की थी। मासूम का कसूर केवल इतना था कि उसने अपनी बहन को आपत्तिजनक स्थिति में उसके दोस्त के साथ देख लिया था। यह बात किसी को पता नहीं चले इसलिए आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया और उसका शव नर्मदा नदी में फेंक दिया।

जुगपुरा थाना बेलखेड़ा निवासी राजा उर्फ धनराज मल्लाह (10 वर्ष) बीते पांच मार्च की रात आठ बजे से गायब था। चार भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर का था और कक्षा तीसरी में पढ़ता था।

पिता रामदास ने 6 मार्च को बेलखेड़ा थाने में उसके अपहरण का प्रकरण दर्ज कराया था। जबलपुर एसपी ने 10 मार्च को बच्चे का पता बताने पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

तब से परिवार व गांव वालों के साथ बेलखेड़ा पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। राजा उर्फ़ धनराज की हत्या में पुलिस ने 15 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया।

आरोपी ने अपने अपहरण का रचाया नाटक –

पांच मार्च को राजा रात करीब आठ बजे घर से चाचा और कुछ दूर रहने वाली नानी के घर जाने का बोलकर निकला था। रात 10 बजे तक नहीं लौटा, तो परिवार वाले उसे तलाशने निकले।

खबर पाकर रात में ही बेलखेड़ा पुलिस भी गांव में पहुंच गई। उसी रात पड़ोस में रहने वाला 15 साल लड़का घाट पर संदिग्ध हालत में मिला था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह में टेप चिपका था।

तब उसने अपने परिवार वाले और पुलिस को बताया था कि बदमाश उसे अगवा कर ले जा रहे थे। हालांकि पुलिस को उसकी कहानी पर विश्वास नहीं हुआ। उसकी हरकत ने पुलिस को उस पर संदेह हुआ।

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन निकलवाई, तो पता चला कि जब बच्चा घर से निकला था उस वक्त संदेही का मोबाइल लोकेशन भी जुगपुरा घाट पर था। वहां करीब वह आधे घंटे रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती दिखाई। इसके बाद उसने वारदात कबूल कर ली।

हत्या की बताई वजह –

हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी ने पुलिस बताया कि राजा की बहन के साथ उसकी बातचीत होती थी। राजा ने उनको साथ देख लिया था। इसके बाद वह घर में मां-पिता को बताने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा था।

कई बार उसे 100-200 रुपये वह दे चुका था। यहां तक कि वह उसका मोबाइल लेकर गेम खेलता रहता था। इससे वह परेशान हो गया था। पांच मार्च की रात आठ बजे वह शौच के बहाने राजा को जुगपुरा घाट ले गया।

वहां बांस के डंडे से सिर पर मारा, तो वह बेहोश हो गया। फिर छोटी नाव में उसे रखा और नदी के बीच धारा में फेंक कर घर चला आया। जब राजा की तलाश शुरू हुई, तो वह भी गांव वालों के साथ उसे खोजने में लगा रहा ताकि किसी को संदेह न हो।

ठेमी के मुराछ घाट में मिला शव –

जबलपुर के बेलखेड़ा से बहते हुए शव रविवार को नरसिंहपुर जिले के ठेमी थाना अंतर्गत ग्राम मुराछ घाट पर मिला। लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस के अनुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।



Related