पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेसी नेता ने किया बड़ा ऐलान – कांग्रेस की सरकार बनते ही बीना को जिला बनाएंगे


सागर जिले के बीना में अरुण यादव के नेतृत्व में निकाली गई विशाल परिवर्तन रैली, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने किया ऐलान- सरकार बनते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेंगे।


DeshGaon
राजनीति Published On :
arun subhash yadav bina district announcement

बीना। आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और कांग्रेस के सभी वरिष्ठ-कनिष्ठ नेता प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव शुक्रवार को बीना पहुंचे।

कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के नेतृत्व में बीना में विशाल परिवर्तन रैली निकाली गई और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार बनते ही बीना को जिला बनाने की घोषणा की।

शुक्रवार को सागर जिले के बीना पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अरुण यादव का भव्य स्वागत किया। यादव के नेतृत्व में यहां पर विशाल परिवर्तन रैली निकाली गई और वे भी कार्यकर्ताओं के साथ बुलेट चलाते नजर आए।

बीना में मिले जनसमर्थन से अभिभूत होकर अरूण यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही आपसे किए गए सारे वादे पूरे किये जाएंगे। बीना को जिला घोषित करने की मांग भी हम पूरी करेंगे। भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं आपको वचन देता हूं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज हुए पुलिस प्रकरण समाप्त किए जाएंगे।

जनता व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अरुण यादव ने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को 500 रूपये में गैस का सिलेंडर दिया जाएगा। महिलाओं को 1500 रूपये की धनराशि भी प्रतिमाह दी जाएगी। 100 यूनिट तक बिजली फ्री दिया जाएगा। 200 यूनिट पर आधा बिजली का बिल ही लिया जाएगा। हम शासकीय कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करेंगे। साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।

यादव ने आगे कहा कि पिछले 20 वर्षों से सत्तासीन भाजपा के लोग बीनावासियों को गुमराह कर रहे हैं। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। भाजपा जो कहती है उसे कभी पूरा नहीं करती है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अपने वादों को पूरा किया है। भाजपा ने बीनावासियों से किए गये वादे आज तक पूरे नहीं किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में हम आपसे किए सभी वादों को अपना वचन मानकर पूरा करेंगे।



Related