कांग्रेस से भाजपा में आए हरदीप सिंह डंग को जनता ने कहा “जिले का पहला गद्दार”, नहीं देंगे वोट!


सुसावरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी की पत्नी उनके लिए लगातार प्रचार कर रहीं हैं। इस दौरान उन्हें भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्थन तो मिल रहा है लेकिन साथ ही लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ रहा है।


DeshGaon
राजनीति Updated On :
भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह डंग अपने चुनाव प्रचार के दौरान (Picture source_ Twitter)


भोपाल। “लोकतंत्र की हत्या कर दी इस आदमी ने…”-  ये वे शब्द हैं जो सुसावरा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हरदीप सिंह डंग को निशाना करके कहे गए हैं। यहां डंग को दलबदल पर कई बार जनता के विरोध का सामना करना पड़ा है।

दरअसल डंग की पत्नी असमीत कौर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर रहीं थी। इस दौरान विधानसभा के गुराड़िया गांव में वे एक घर में पहुंची। जहां रहने वाले एक युवक ने डंग को वोट देने से साफ मना कर दिया। युवक ने कहा कि डंग ने संविधान की हत्या की है।

युवक यहीं नहीं रुका, उसने आगे कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाला यह जिले का पहला गद्दार है। उन्हें क्या जरुरत थी पार्टी बदलने की। उन्होंने संविधान का मजाक उड़ाया है। इस वीडियो में युवक ने डंग पर पैंतीस करोड़ रुपये लेने का भी आरोप लगाया।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ता और डंग की पत्नी असमीत कौर भी बराबर से जवाब दे रहीं थीं।  महिलाएं कह रहीं थीं कि डंग ने पार्टी बदलकर कुछ गलत नहीं किया वहीं युवक उनसे लगातार अपने सवाल कर रहा था। कुछ देर तक यह वाद-विवाद जारी रहा लेकिन फिर महिलाएं लौट गईं।

भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह डंग की पत्नी उनके लिए लगातार प्रचार कर रहीं हैं। इस दौरान उन्हें भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्थन तो मिल रहा है लेकिन साथ ही लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ रहा है।

इससे पहले सितंबर में चुनाव प्रचार के दौरान इसी क्षेत्र के बापचा गांव में भी डंग से इसी तरह दलबदल को लेकर सवाल पूछे जा रहे थे। उस समय सभा में मौजूद लोगों ने उनसे कई सवाल किए थे जिन पर डंग चुप थे।

कांग्रेस भी इस मौके को नहीं छोड़ रही है। सुसावरा के अलावा भी दूसरी विधानसभाओं में वीडियो को लगातार वायरल किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता योगेश यादव ने कहा

योगेश यादव, कांग्रेस प्रवक्ता

कांग्रेस से धोखा करके भाजपा द्वारा खरीदे गए विधायकों को उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने जो सत्ता हथियाने का षडयंत्र किया है। उससे मतदाता जान चुके हैं कि उनके साथ छल हुआ है। डंग के प्रचार के दौरान जनता की यह आवाज बता रही है कि भाजपा यह चुनाव हारेगी।

 



Related