गृह मंत्री अमित शाह का दावा, मप्र में 150 सीटों पर जीतकर सरकार बनाएगी भाजपा


जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे अमित शाह, जमकर की सीएम शिवराज की तारीफ


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। विधानसभा चुनावों के देखते हुए भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा अभियान शुरु हो चुका है। प्रदेश में अब भाजपा जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंडला पहुंचे और उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यहां उन्होंने दावा किया कि पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी। शाह ने कहा कि श्रीमान बंटाढार और करप्शन नाथ आप सुन लीजिए। 25 सितंबर को जन आशीर्वाद यात्रा का समापन होगा, उस दिन तय हो जाएगा कि 150 सीटों के साथ एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। शाह यहां स्थानीय मुद्दों की बजाए कई मौके पर राष्ट्रीय मुद्दों पर जनता को लुभाने की कोशिश करते नजर आए।

अमित शाह खराब मौसम के चलते श्योपुर नहीं पहुंचे सके। उन्होंने फोन पर ही सभा को संबोधित किया। शाह सहित तमाम दूसरे नेता मंडला के बाद श्योपुर जाने वाले थे लेकिन बारिश के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। शाह ने फोन पर श्योपुर की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं इसी चुनाव अभियान में श्योपुर जरूर आऊंगा। उन्होंने कहा कि एमपी में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम बना रही है। शाह ने जनता से पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को आशीर्वाद देने की अपील की। इस दौरान सीएम शिवराज और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सभा को फोन पर ही संबोधित किया।

गृहमंत्री अमित शाह ने यहां सीएम शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने सीएम की तमाम योजनाओं को खूब सराहा। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने जिस राज्य को बीमारू बना रखा था, उसे शिवराज ने बेमिसाल बना दिया। अमित शाह ने शंकर शाह, रघुनाथ शाह की शहादत को याद किया। उन्होंने कहा कि रघुनाथ शाह और शंकर शाह के स्मारक का लोकार्पण करने जबलपुर आया था। मंडला जिले को साक्षर जिला घोषित किया गया है। इस अभियान का अभिनंदन करता हूं।

मंडला में कार्यक्रम के दौरान भाजपा के नेता

शाह ने कहा कि शिवराज जी ने लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर खुश कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं आया था आदिवासी सम्मेलन में शिवराज ने धड़ाधड़ घोषणाएं कर दीं। मैंने पूछा ये पूरी हुई या नहीं तो उन्होंने बताया कि दो साल के अंदर उन्होंने पूरा कर दिया है। मध्य प्रदेश ने आदिवासियों के कल्याण के लिए पूरे देश के सामने मिसाल पेश की है। कमलनाथ और बंटाढार की केंद्र में सरकार थी।

मंडला में जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करते हुए अमित शाह

अमित शाह ने कांग्रेस की तीखी आलोचना की उन्होंने कहा कि श्रीमान बंटाधार दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया है। उस समय की स्थिति को याद करें। गड्ढों वाली सड़कें, महिलाओं की सुरक्षा का नामोनिशान नहीं था, घरों में बिजली नहीं थी। 20 साल में भाजपा के तीन मुख्यमंत्रियों, खासकर शिवराज सिंह चौहान ने इसे बेमिसाल बनाया है। मध्य प्रदेश पहला राज्य है, जहां पेसा के कानून को जमीन पर उतारने का काम किया है।

 

राष्ट्रीय मुद्दों पर मांग रहे वोट

मनमोहन सिंह पीएम थे उन्होंने कहा- देश की तिजोरी पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। सबने विरोध किया, मगर वो नहीं माने। अल्पसंख्यक के लिए सरकार डूबी रही। अंतत: 2014 में मोदीजी की सरकार आई। संसद की भूमि को प्रणाम किया और संसद में गए। सांसदों को भाषण दिया और कहा मेरी सरकार आदिवासी, पिछड़ों, दलित और गरीबों की सरकार है। आपको दो विधारधाराओं पर निर्णय करना है। एक ओर अल्पसंख्यकों का अधिकार खजाने पर होने का कहते हैं और मोदीजी कहते हैं गरीबों का अधिकार है। 2014 में मोदी जी बोले। मैं 2023 में आया हूं। इन सालों में मोदीजी ने ढेर सारे बदलाव किए हैं।

कांग्रेस की सरकार थी। आए दिन आतंकवादी हमले होते थे। पाकिस्तान से आए हुए आतंकवादी हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। कांग्रेस की सरकार उफ नहीं करते थे। उरी और पुलवामा में हमला हुआ। आतंकवादी भूल गए कि मौनी बाबा मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री नहीं हैं, नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। दस दिन के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों का सफाया करने का काम नरेंद्र मोदी ने किया है। समग्र दुनिया में संदेश भेजा कि भारत की सीमा और सेना के साथ छेड़छाड़ नहीं करते हैं, वरना परिणाम भुगतने पड़ते है। मोदी जी ने भारत को सुरक्षित किया और आत्मनिर्भर बनाया। जबकि 11 नंबर का अर्थतंत्र छोड़कर गए थे अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह। मोदी जी ने उसे 5 नंबर पर लेकर आए। कमलनाथ सरकार ने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े हैं। मोदी जी ने, शिवराज जी ने मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने का काम किया है।

 यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अमित शाह को राजनीति का चाणक्य बताया। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की सरकारें बढ़ती जा रही हैं, जिसका श्रेय अगर  किसी को जाता है तो वह अमित शाह को जाता है। आज वह जनता से आशीर्वाद मांगने आए हैं।



Related