जेपी नड्‌डा का जून 2024 तक बढ़ा कार्यकाल, लोकसभा चुनाव तक बने रहेंगे भाजपा अध्यक्ष


भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा को अध्यक्ष पद के लिए एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है जिसकी घोषणा बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।


DeshGaon
राजनीति Published On :
jp nadda bjp president

नई दिल्ली। दिल्ली में दो दिनों से चल रही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा को अध्यक्ष पद के लिए एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है जिसकी घोषणा बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।

जेपी नड्‌डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है। नड्‌डा का मौजूदा कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा था। अब वे लोकसभा चुनाव तक पार्टी की कमान संभालेंगे। यानी 2023 में नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 का आम चुनाव नड्डा के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

पूर्व अध्यक्ष और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नड्डा को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।

लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह के बाद जेपी नड्डा भाजपा के ऐसे तीसरे नेता बन गए हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा के संविधान के मुताबिक कम से कम 50% यानी आधे राज्यों में संगठन चुनाव के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकता है। इस लिहाज से देश के 29 राज्यों में से 15 राज्यों में संगठन के चुनाव के बाद ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता हैं।

बता दें कि नड्डा को दोबारा अध्यक्ष बनाये जाने की संभावनाएं पहले से ही जताई जा रहीं थी, लेकिन आज मंगलवार को पार्टी की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई।

जेपी नड्डा के दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नड्‌डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने 120 चुनाव लड़े, जिनमें से 73 में जीत, हासिल की। ​​​​​​उनके नेतृत्व में पार्टी ने अपनी पैठ बढ़ाई और यश भी बढ़ाया।

उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए बिहार में सबसे अधिक स्ट्राइक रेट रहा, महाराष्ट्र में भी NDA ने बहुमत हासिल किया। यूपी जीते, बंगाल में संख्या बढ़ी, गुजरात भी प्रचंड बहुमत से जीते।

अमित शाह ने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जेपी नड्डा के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में और ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करेंगे। हम अगले लोकसभा चुनाव में 2019 से ज्यादा सीटें लेकर आएंगे।

ज्ञात हो कि जेपी नड्डा से पहले अमित शाह ही पार्टी अध्यक्ष पद पर थे, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया था। उसके बाद जेपी नड्डा को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया था।



Related






ताज़ा खबरें