सिंधिया समर्थक बैजनाथ यादव ने भाजपा को छोड़ थामा कांग्रेस का दामन, कमलनाथ के सामने ली सदस्यता

baijnath singh yadav joins congress

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट शुरू होने के साथ ही राजनीतिक तौर पर उठापटक जारी है और इसी कड़ी में शिवपुरी में ज्योतिरादित्य सिंधिया के ख़ास समर्थक समझे जाने वाले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैजनाथ सिंह यादव ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

भोपाल के लिंक रोड एक पर स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय परिसर में बैजनाथ सिंह यादव सहित कई अन्य नेताओं ने बुधवार को भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली।

पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इन सभी को पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि

भ्रष्टाचार का बोलबाला है। लोग महंगाई और युवा बेरोजगारी से परेशान हैं। हमने अपने 15 माह के शासन में नीति और नीयत का परिचय दिया था। मैं भी सत्ता बचाने के लिए सौदेबाजी कर सकता था, पर प्रदेश की छवि सौदेबाजी की नहीं बनाना चाहता था। आप सभी सच्चाई को पहचानिए। कांग्रेस और कमलनाथ का साथ भले ही न दें, पर सच्चाई का साथ अवश्य दीजिए।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि

यादव परिवार हमेशा कांग्रेस से जुड़ा रहा है। 40 साल का राजनीतिक अनुभव है। इनके आने से शिवपुरी, गुना क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।

कांग्रेस की सदस्यता लेते हुए बैजनाथ सिंह यादव ने कहा कि

मेरे पिता कट्टर कांग्रेसी थे, मैं भी कांग्रेसी था, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मुझे कुछ समय के लिए भाजपा में जाना पड़ा था। मुझे तीन वर्षों तक उपेक्षा का दंश झेलना पड़ा, आज मेरी घर वापसी हुई है।

बैजनाथ सिंह यादव पूर्व में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं, उनकी पत्नी कमला जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। बैजनाथ सिंह यादव सिंधियानिष्ठ थे, इसी के चलते बैजनाथ सिंह यादव ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। बैजनाथ यादव के साथ बदरवास की जनपद अध्यक्ष मीरा सिंह ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।

First Published on: June 14, 2023 11:13 AM