लोकसभा चुनावः एमपी में भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, पुराने कार्यकर्ताओं के साथ पुराने कांग्रेसी भी हैं मैदान में


पांच सीटों पर अब तक फैसला नहीं, छह सांसदों के टिकिट कटे, इनमें साध्वी प्रज्ञा भी शामिल


DeshGaon
राजनीति Updated On :

लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 195 प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं। इनमें से मप्र की 24 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कि गए हैं। सबसे अहम नाम पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का है जिन्हें विदिशा से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को गना से चुना गया है। ज़ाहिर है उन्हें हराने वाले केपी सिंह यादव का टिकिट काट दिया गया है। इसके अलावा जबलपुर से आशीष दुबे को चुना गया है। दुबे पर पहले पार्टी के खिलाफ काम करने के आरोप भी लगे थे। इस बार भाजपा ने दो पूर्व कांग्रेसियों को टिकट दिया है। इनमें साल 2018 में कांग्रेस की ओर से चुनाव में लड़े और हारे ज्योतिरादित्य सिंधिया और उसी साल विधानसभा चुनाव में दमोह से जीते राहुल लोधी भी शामिल हैं हालांकि भाजपा में आने के बाद राहुल लोधी विधानसभा चुनाव हार चुके हैं।

भाजपा की पहली सूची में जिन 24 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है उनकी सूची इस प्रकार है।

  1.  मुरैना-  शिवमंगल सिंह तोमर
  2.  भिंड- संध्या राय
  3. ग्वालियर- भारत सिंह कुशवाहा
  4. गुना- ज्योतिरादित्य सिंधिया
  5. सागर- लता वानखेड़े
  6. टीकमगढ़- वीरेंद्र खटीक
  7. दमोह- राहुल लोधी
  8. खजुराहो- वीडी शर्मा
  9. सतना- गणेश सिंह
  10. रीवा- जनार्दन मिश्रा
  11. सीधी- राजेश मिश्रा
  12. शहडोल- हिमाद्री सिंह
  13. जबलपुर- आशीष दुबे
  14. मंडला- फगन सिंह कुलस्ते
  15. होशंगाबाद- दर्शन सिंह चौधरी
  16. विदिशा- शिवराज सिंह चौहान
  17. भोपाल- आलोक शर्मा
  18. राजगढ़- रोडमल नागर
  19. देवास- महेंद्र सिंह सोलंकी
  20. मंदसौर- सुधीर गुप्ता
  21. रतलाम- अनीता नगर सिंह चौहान
  22. खरगोन- गजेंद्र पटेल
  23. खंडवा- ज्ञानेश्वर पाटिल
  24. बैतूल- दुर्गादास उईके

वहीं इस बार छह सांसदों के टिकिट काटे गए हैं। इनमें भोपाल से सांसद प्रज्ञा ठाकुर, गुना से केपी सिंह यादव, सागर से राजबहादुर सिंह, रतलाम से जीएस डामोर, विदिशा से रमाकांत भार्गव और ग्वालियर से विवेक शेजवलकर शामिल हैं। इसके अलावा 5 सीटों पर अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। इनमें धार, इंदौर, छिंदवाड़ा, उज्जैन और बालाघाट पर प्रत्याशियों के नाम आना अब तक बाकी है।

भोपाल से आलोक शर्मा को टिकिट मिला है, माना जा रहा है कि मौजूदा सांसद प्रज्ञा सिंह का बड़बोलापन अक्सर सरकार के लिए मुश्किल खड़ी करता है ऐसे में उन्हें इस बार मौका नहीं मिला है। शर्मा, हालही में विधानसभा चुनाव हारे हैं ऐसे में उन्हें फिर मौका मिला है।

इसी तरह विधानसभा चुनावों में हारे केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को उनकी मंडला सीट से फिर मौका मिला है। विधानसभा चुनाव के दौरान सीधी से टिकिट न मिलने से नाराज़ हुए डॉ. राजेश मिश्रा को इस बार लोकसभा का टिकिट दिया गया है। उनके अलावा सतना से विधानसभा चुनाव हार चुके सांसद गणेश सिंह को भी टिकिट दिया गया है।



Related






ताज़ा खबरें