एमपी विधानसभा चुनाव 2023: कांग्रेस पर केंद्रित रही पीएम नरेंद्र मोदी की बड़वानी की सभा


मोदी ने यहां कहा कि  भाजपा का घोषणापत्र गरीब की बेहतरी के लिए है और इसमें लिखे सारे वादे पूरे होंगे। उन्होंने इसे खुद को जोड़कर कहा कि वादे पूरे होंगे ये मोदी की गारंटी है।


DeshGaon
राजनीति Published On :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मप्र के विधानसभा चुनावों को लेकर जमकर प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने आदिवासी बहुल इलाके बड़वानी में रैली की। यहां मोदी का फोकस कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने को लेकर दिखाई दिया। पीएम मोदी ने यहां कहा कि आजकल एक नारा खूब चल रहा है कांग्रेस आई बर्बादी लाई। उन्होंने कहा कि हिमाचल और कर्नाटक जैसे जिन राज्यों में कांग्रेस आई है वहां पेट्रोल महंगा हो गया है और कर्नाटक में तो विकास कार्य रुक गए हैं। उन्होंने कांग्रेस को बर्बादी से जोड़कर रखा।
मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस जैसे-तैसे कुर्सी पाने के लिए मध्यप्रदेश के लोगों से सोने का महल बनाने का भी वादा कर सकती है। सोने का महल देने का वादा करेंगे और फिर कहेंगे कि आलू से सोना निकालूंगा, फिर बनाऊंगा। इस बहाने मोदी, राहुल गांधी पर तंज़ कस रहे थे।
पीएम मोदी ने कहा कि जहां भी कांग्रेस आती है वहां अपराध और दंगे बढ़ जाते हैं। इस मोदी ने राजस्थान का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि हम कभी कल्पना नहीं कर सकते थे कि भारत में हम कभी सिर तन से जुदा के नारे सुनेंगे। लेकिन, कांग्रेस के कुशासन में वीर धरा राजस्थान में कैमरे के सामने यह हुआ। हमें राजस्थान के साथ एमपी को भी बचाना है।
मोदी ने यहां कहा कि  भाजपा का घोषणापत्र गरीब की बेहतरी के लिए है और इसमें लिखे सारे वादे पूरे होंगे। उन्होंने इसे खुद को जोड़कर कहा कि वादे पूरे होंगे ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है।
https://twitter.com/DeshgaonNews/status/1724044573847228876?t=gv7FPdKpae3lvoMcRRQ_hg&s=19
कांग्रेस की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि  कांग्रेस के नेता मध्यप्रदेश को अंधेरे कुएं में धकेलने के जिम्मेदार हैं। भाजपा एमपी को अंधकार से बाहर निकालकर लाई है। जहां-जहां से कांग्रेस साफ हुई है, वहां खुशहाली आई है और जहां-जहां कांग्रेस की फिर सरकार बनी है, वहां समृद्ध राज्य भी संकट में घिर गए हैं।



Related