मूंग व उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए सरकार ने शुरू किया पंजीयन


प्रदेश के किसान मूंग व उड़द की उपज की एमएसपी पर खरीदी के लिए 8 मई 2023 से 19 मई 2023 तक पंजीयन कर सकते हैं।


DeshGaon
काम की बात Published On :
moong and urad

भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्य शासन ने प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग व उड़द की फसल की खरीद के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू सोमवार 8 मई 2023 से शुरू कर दी है ताकि किसान आसानी से अपनी फसल का सही मूल्य पा सकें।

प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है जिसमें उन्होंने किसानों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीयल करवाने की अपील भी की है।

जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के किसान मूंग व उड़द की उपज की एमएसपी पर खरीदी के लिए 8 मई 2023 से 19 मई 2023 तक पंजीयन कर सकते हैं। प्रदेश के कृषि मंत्री पटेल ने ट्वीट कर बताया कि प्रदेश के लगभग 32 जिलों में मूंग का उत्पादन और 10 जिलों में उड़द का उत्पादन होता है।

उन्होंने इन जिलों में रहने वाले किसानों से अपील की है कि वह 8 मई से 19 मई 2023 तक अपनी उपज समर्थन मूल्य पर सरकार को बेचने के लिए जल्दी ही पंजीयन करवा लें।

कृषि मंत्री कमल पटेल ने यह भी बताया कि नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, रायसेन, हरदा, सीहोर, जबलपुर, देवास, सागर, गुना, खंडवा, खरगोन, कटनी, दमोह, विदिशा, बड़वानी, मुरैना, बेतूल, श्योपुरकलां, भिंड, भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, छतरपुर, उमरिया, धार, राजगढ़, मंडला, शिवपुरी अशोकनगर, इंदौर, बालाघाट, इन सभी 32 जिलों में मूंग का उत्पादन किया जाता है।

दूसरी तरफ, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, पन्ना, मंडला, उमरिया, सिवनी और बालाघाट यानी इन 10 जिलों में उड़द की फसल की खेती किसान भाई गर्मी के मौसम में करते हैं।



Related