साल का आखिरी चंद्रग्रहण: सूतक काल, धार्मिक मान्यताएं और राशियों पर प्रभाव


साल का आखिरी पूर्ण चंद्रग्रहण 7-8 सितंबर 2025 को दिखेगा। सूतक काल, समय, धार्मिक मान्यताएं और राशियों पर ज्योतिषीय असर जानें विस्तार से।


DeshGaon
सितारों की बात Published On :

सनातन परंपरा में चंद्रग्रहण को अशुभ माना जाता है। इसी क्रम में इस साल का अंतिम चंद्रग्रहण ज्योतिषीय और धार्मिक दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मालवा के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. अशोक शास्त्री के अनुसार यह पूर्ण चंद्रग्रहण रहेगा, जो भारत समेत पूरी दुनिया के कई हिस्सों में दृष्टिगोचर होगा। ग्रहण का सूतक काल दोपहर 12:57 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि चंद्रग्रहण रात 09:57 बजे से आरंभ होकर 08 सितंबर की सुबह 01:27 बजे समाप्त होगा। चरम अवस्था रात्रि 11:01 से 12:23 बजे तक रहेगी और विरल छाया 02:23 बजे तक रहेगी।

यह चंद्रग्रहण न केवल भारत में बल्कि एशिया, अफ्रीका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अंटार्कटिका, पैसिफिक और इंडियन ओशन क्षेत्र में भी दिखाई देगा। जिन स्थानों पर यह दृष्टिगोचर होगा, वहीं पर सूतक, स्नान, दान, और धार्मिक कर्म मान्य होंगे।

ज्योतिषीय दृष्टि से महत्व

डॉ. शास्त्री ने बताया कि इस बार चंद्रमा कुंभ राशि में राहु के साथ युति बनाते हुए विष योग का निर्माण कर रहा है। इसके चलते बड़े राष्ट्रों के बीच तनाव, मानव संबंधों में कटुता और मानसिक बेचैनी की स्थिति देखी जा सकती है। ग्रहण का प्रभाव राजनीति पर भी पड़ेगा और भारत में आगामी चुनावी परिदृश्य में सत्ता परिवर्तन की संभावनाएं प्रबल हो सकती हैं।

इसके अलावा, इस चंद्रग्रहण से संक्रामक बीमारियां, जल संबंधी समस्याएं और आम लोगों की दिनचर्या में असंतुलन भी उत्पन्न हो सकता है।

राशियों पर असर

मेष: करियर व व्यवसाय में सकारात्मक बदलाव होंगे, अचानक धन लाभ संभव है। सेहत का ध्यान रखें।
वृषभ: दांपत्य जीवन में चुनौतियां रहेंगी, रिश्तों में धैर्य बनाए रखें।
मिथुन: रुका हुआ धन वापस मिल सकता है, निवेश से लाभ मिलेगा।
कर्क: मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद बढ़ सकते हैं, स्वास्थ्य पर ध्यान दें।
सिंह: नौकरी-व्यापार में लाभ होगा, लेकिन निजी जीवन में सावधानी आवश्यक है।
कन्या: शत्रुओं पर विजय मिलेगी, प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की संभावना।
तुला: वैवाहिक जीवन में तनाव हो सकता है, बच्चों को लेकर चिंता बढ़ सकती है।
वृश्चिक: यात्रा व वाहन से लाभ मिलेगा, नई संपत्ति खरीदने के योग।
धनु: भाग्य का साथ मिलेगा, रुके कार्य पूरे होंगे, करियर में उन्नति।
मकर: खर्च बढ़ सकते हैं, आर्थिक मामलों में सतर्क रहें।
कुंभ: मानसिक संतुलन पर असर होगा, आत्मचिंतन और साधना के लिए अच्छा समय।
मीन: आर्थिक मामलों में सतर्क रहें, उधार और निवेश सोच-समझकर करें।

धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं

सनातन मान्यताओं के अनुसार चंद्रग्रहण के दौरान मंदिरों के द्वार बंद कर दिए जाते हैं और देवमूर्तियों पर कपड़ा ढक दिया जाता है। इस दौरान पूजा-पाठ, भोजन और मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं। ग्रहण के बाद स्नान, दान और मंत्र-जप से नकारात्मक प्रभावों को दूर करने की परंपरा रही है।



Related