भारत बंद: AAP का दावा- CM केजरीवाल हुए हाउस अरेस्ट, दिल्ली पुलिस ने किया खंडन


पूर्वोत्तर में असम में पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग गुवाहाटी में जनता भवन के सामने भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।


DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
फाइल फोटो


केन्द्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आज, 8 दिसंबर को किसान संगठनों द्वारा भारत बंद का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच खबर आई  कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने नज़रबंद कर दिया  है। इस बारे में जानकारी देते हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कान्फ्रेंस कर जानकारी दी।

 

अरविंद केजरीवाल की नज़रबंदी के बाद आआप ने ट्वीट कर लिखा है-जिस केजरीवाल ने स्टेडियम को जेल बनाने से रोक दिया। आज उसी केजरीवाल के घर को भाजपा ने जेल बना दिया।

 

आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस बारे में ट्वीट किया है।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी की बात को दिल्ली पुलिस ने नकार दिया है। नार्थ दिल्ली के डीसीपी एंटो अल्फोंसे ने कहा है कि, यह गलत वक्तव्य है। मुख्यमंत्री होने के नाते अरविंद केजरीवाल जहां चाहें जा सकते हैं।

 

दिल्ली पुलिस के इस बयान के बाद आप नेता आतिशी ने अरविन्द केजरीवाल के आवास की फोटो के साथ ट्वीट कर पूछा है कि, यदि वे हाउस अरेस्ट नहीं हैं तो उनके स्टाफ को अंदर क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है?

 

इसके बाद , दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा का बयान आया है। गोलचा ने कहा कि, ऐसा दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आने-जाने पर प्रतिबंध है। ये बातें एकदम बेबुनियाद हैं।

वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की बात को दोहराते हुए कहा कि, कल जब अरविंद केजरीवाल किसानों से मिलने सिंघु बॉर्डर गए थे, उसके बाद से बीजेपी  बुरी तरह घबरा गई है, बीजेपी नेताओं ने उसके बाद से अरविंद केजरीवाल को हाउस अरेस्ट कर रखा है। बीजेपी को डर है कि कहीं अरविंद केजरीवाल किसानों के समर्थन में सड़क पर न निकल आएं।

 

 

वहीं केजरीवाल सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली के आइटीओ पर चल रहे धरने की तस्वीरों के साथ ट्वीट कर लिखा है-किसानों के भारत बंद के समर्थन में ITO चौराहे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा है- मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो! सभी देशवासी जानते हैं कि #आज भारत बंद है इसका सम्पूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनायें।

राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में ट्रैक्टर चलाकर भारत बंद का समर्थन किया। परिवहन मंत्री ने कहा, “केंद्र को समझना चाहिए कि उनका ज़ुल्म, तानाशाही ज़्यादा नहीं चलेगी। किसान विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे, तमाम विपक्षी पार्टियां इनके विरोध में हैं।”

दिल्ली के सरोजिनी नगर मार्किट दुकानदारों ने बाहों पर काली पट्टी बाँध कर किसानों के आंदोलन और भारत बंद का समर्थन दे रहे हैं। रांची में लेफ्ट पार्टियों ने बाइक मार्च निकाला

वहीं दक्षिण में तेलंगाना में भी टीआरएस नेता के कविता और केटी रामा राव किसानों के समर्थन में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में वाम दल और छात्र संगठन एसएफआइ का प्रदर्शन चल रहा है।

 

कर्नाटक के हुबली में कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैलगाड़ी से सड़क ब्लॉक कर दिया।

पूर्वोत्तर में असम में पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग गुवाहाटी में जनता भवन के सामने भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।

 

 

 

 



Related