UP में योगी सरकार ने शाम 7 से सुबह 6 बजे तक महिलाओं से ड्यूटी नहीं कराने का दिया आदेश

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
up womens night shift

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में महिलाओं से अब शाम 7 से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी नहीं करवाई जा सकती है। यह नियम सरकारी और प्राइवेट सेक्टर दोनों पर लागू होगा। योगी सरकार ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।

सरकार द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर किन्हीं कारणों से किसी महिला कर्मचारी की ड्यूटी शाम 7 से सुबह 6 के बीच में लगानी है तो इसके लिए उसकी लिखित अनुमति लेनी पड़ेगी।

यानी, बिना महिला की परमिशन के रात के वक्त में उसकी ड्यूटी लगाई तो सीधे कार्रवाई होगी। अगर कोई महिला शाम 7 बजे के बाद काम करने से मना करती है, तो कंपनी या संस्था उसको नौकरी से नहीं निकाल सकती है।

तमिलनाडु में दिवंगत करुणानिधि की 16फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, उपराष्ट्रपति और सीएम स्टालिन रहे मौजूद – 

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने शनिवार को पूर्व सीएम दिवंगत एम करुणानिधि की 16 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। करुणानिधि जी की यह प्रतिमा ओमानदुरार एस्टेट में स्थित मल्टी सुपर स्पेशियालिटी सरकारी अस्पताल के परिसर में लगाई गई है। एम करुणानिधि 5 बार तमिलनाडु के सीएम रहे हैं।

भारत ने एशिया कप हॉकी के सुपर- 4 के मुकाबले में जापान को 2-1 से हराया  – 

भारत ने जापान को एशिया कप हॉकी के सुपर 4 के पहले मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। भारत ने पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक जापान पर 1-0 की बढ़त बना ली थी। भारत की तरफ से पहला गोल मनजीत सिंह ने किया था और टीम को अहम बढ़त दिलाई थी।

इसके दूसरे हाफ में 18वें मिनट में जापान को पेनाल्टी कार्नर मिला और इस टीम ने कोई गलती नहीं की। जापान के नेवा ने गोल करके स्कोर को एक-एक से बराबर कर दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में कोई गोल भारत की तरफ से नहीं किया गया और हाफ टाइम तक दोनों का स्कोर एक-एक से बराबर रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की और खेल के 34वें मिनट में पवन राजभर ने भारत के लिए दूसरा गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इससे पहले भारत को लीग मैच में जापान ने 2-5 से हराया था, भारत ने उस मुकाबले का भी बदला ले लिया।

अनंतनाग में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद –

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिज बेहरा के शितिपोरा में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। कश्मीर पुलिस ने बताया कि आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आईजी पुलिस विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान इश्फाक अहमद गनी निवासी चकवांगुंड, अनंतनाग और यावर अयूब डार, निवासी डोगरीपोरा ,अवंतीपोरा के रूप में हुई है। ये दोनों आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सदस्य थे। दोनों कई वारदातों में शामिल थे।

चेन्नई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पुलिस को सुसाइड का शक – 

चेन्नई के पोझीचलूर में एक ही परिवार के 4 सदस्य अपने ही घर में मृत पाए गए। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस को शक है कि पति ने पहली अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की, फिर खुद भी सुसाइड कर ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर यह कदम उठाया है।

दिव्यांग को फ्लाइट में नहीं बैठाने के मामले में एक्शन, DGCA ने इंडिगो पर 5 लाख का जुर्माना लगाया – 

दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में नहीं बैठाने के मामले में DGCA ने इंडिगो पर 5 लाख का जुर्माना लगाया है। साथ ही इंडिगो एयरलाइंस को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। 8 मई को इंडिगो ने रांची से हैदराबाद जा रही फ्लाइट से एक दिव्यांग बच्चे को उतार दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाद में एयरलाइंस ने बताया कि बच्चा फ्लाइट में चढ़ने से डर रहा था, उसकी स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने यह फैसला लिया था।

AAP ने 2 राज्य सभा सदस्यों के नाम की घोषणा की –

आम आदमी पार्टी ने संत बलबीर सिंह सींचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी को राज्य सभा सदस्य के तौर पर नामित किया है। दोनों शख्सियत पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी घोषणा की।

चेन्नई में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की हत्या की, फिर कर ली खुदकुशी – 

चेन्नई में 42 वर्ष के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की लकड़ी काटने के आरे से हत्या करने के बाद उसी आरे से गला काटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि घटना पल्लवरम के पोझीचलूर की है। मामले का पता तब चला जब पड़ोसी शक के बिनाह पर उनके घर गए और चारों के शव को खून से लथपथ देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शंकरनगर पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने आर्थिक तंगी के कारण अपराध को अंजाम दिया। मृतकों की पहचान प्रकाश (42), उनकी पत्नी गायत्री (39) बेटी नित्या (13) और बेटे हरिकृष्णन (9) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

पश्चिम बंगाल में BSF ने भारत में घुसपैठ कर रहे 4 लोगों को किया गिरफ्तार – 

पश्चिम बंगाल के 24-परगना जिले में अवैध तरीके से इंटरनेशनल बॉर्डर पार करके आने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को BSF ने गिरफ्तार कर लिया था। सभी ने भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि सद्भाभावना और अच्छे रिश्तों के लिए उन्हें बांग्लादेश को वापस सौंप दिया गया है।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को सीट देने पर राजी नहीं झामुमो, कहा- उतारेंगे अपना उम्मीदवार – 

राज्यसभा चुनाव को लेकर एक ओर जहां झामुमो ने कहा है कि वह अपना उम्मीदवार खड़ा करेगा। इसके बावजूद कांग्रेस ने अभी आस नहीं छोड़ी है।

शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस की बैठक हुई, लेकिन उसमें कोई निर्णय नहीं हुआ। कांग्रेस को अब भी झामुमो के सीधे जवाब का इंतजार है।

झामुमो ने शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है, जिसमें खासतौर पर राज्यसभा चुनाव पर विचार-विमर्श किया जाएगा। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस बैठक में शामिल होंगे।

संभावना है कि झामुमो की 28 मई को होने वाली बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी का निर्णय लेकर दिल्ली जाएं। अगर मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, तो सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार के मामले का पटाक्षेप हो सकता है।

जम्मू से डोडा जा रही बस उधमपुर में पलटी, 25 लोग घायल –

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बट्‌टल बालियान इलाके में एक बस पलटने से 25 लोग घायल हो गए। बस जम्मू से डोडा जा रही थी। घायलों को उधमपुर में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 6 लोगों को जम्मू के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है।

अन्य बड़ी खबरें…

जिनपिंग-पुतिन के साथ वर्चुअल मंच पर दिखेंगे पीएम मोदी –

BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन एक साथ वर्चुअल मंच पर दिखेंगे। सूत्रों के मुताबिक 24 जून को BRICS सम्मेलन प्रस्तावित है। यूक्रेन-रूस जंग के बाद यह पहला मौका होगा, जब रूस-चीन और भारत किसी एक मंच पर दिखेगा।

नोएडा में शॉर्ट सर्किट से एटीएम में लगी आग पूरी इमारत में फैली –

नोएडा के थाना फेज 2 इलाके में बीती रात करीब 10 बजे एक एटीएम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते एटीएम में लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग को अपनी जद में ले लिया। आग पर काबू पाने ने लिए दमकल की 4 गाड़ियां लगी है। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। फिलहाल किसी के कोई हताहत होने की खबर नहीं है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लाभ के पद मामले में राज्यपाल को पत्र लिख किया पक्षकार बनाने का अनुरोध –

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लाभ के पद के मामले में उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्यपाल रमेश बैस को पत्र लिखा है। पत्र में पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने इस विवाद पर पार्टी को पक्षकार बनाए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने CM सोरेन की विधानसभा सदस्यता से जुड़े मामले में पार्टी को भी पक्ष बनाने का अनुरोध किया है।

अकाल तख्त जत्थेदार, डेरे के मुखियों, मौजूदा ADGP, सिंगर मूसेवाला समेत 424 लोगों की सुरक्षा घटाई –

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने फिर वीआईपी सिक्योरिटी में कटौती की है। इस बार 424 वीआईपी की सुरक्षा घटाई गई है। इसमें श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, डेरे के मुखी, 3 मौजूदा एडीजीपी, पूर्व एमएलए आदि शामिल हैं।

सभी गनमैन पंजाब आर्म्ड पुलिस के कमांडो हैं जिन्हें वापस जालंधर कैंट स्थित स्टेट आर्म्ड पुलिस में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

पुलिस में एडीजीपी एसके अस्थाना, एलके यादव, एमएफ फारूखी, प्रवीन कुमार सिन्हा, शशि प्रभा द्विवेदी, वी. नीरजा, आईजी जतिंदर औलख, गौतम चीमा, गुरिंदर सिंह ढिल्लों, अनन्या गौतम, डीआईजी नीलांबरी जगदले, डीसीपी जतिंदर मंड की सुरक्षा घटाई गई है।

फिल्म निर्माता बोनी कपूर से धोखाधड़ी, क्रेडिट कार्ड से की 3.82 लाख रुपए की खरीदारी –

फिल्म निर्माता बोनी कपूर के क्रेडिट कार्ड से एक अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए कुल 3.82 लाख रुपए की खरीदारी कर डाली। इस बारे में उनके (कपूर के) एक सहायक ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है।

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आरोपी ने कपूर के क्रेडिट कार्ड का विवरण और पासवर्ड हासिल कर नौ फरवरी को ऑनलाइन खरीदारी की थी।

शिकायत के मुताबिक, कपूर को इस धोखाधड़ी के बारे में तब पता चला जब उनके बैंक के एक अधिकारी ने क्रेडिट कार्ड के बिल के भुगतान के लिए 30 मार्च को उन्हें कॉल किया।



Related