राहुल और प्रियंका के फोटो के साथ कांग्रेस ने दोबारा जारी किया अपना वचन पत्र

DeshGaon
बड़ी बात Published On :
congress vachan patra
शारदीय नवरात्रि के मौके पर शनिवार को कांग्रेस का मुख्य वचनपत्र जारी


भोपाल। मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने राहुल और प्रियंका गांधी​​​ की फोटो के साथ दोबारा अपने वचन पत्र का विमोचन किया। वहीं, अब इस वचन पत्र से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गायब हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा की उपस्थिति में इसे जारी किया।

इसको लेकर भाजपा नेता और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि यह कमलनाथ का वचन नहीं, कपट पत्र है। जनता सब जानती है।

vachan patra
कांग्रेस ने नए वचन पत्र में राहुल और प्रियंका के फोटो लगाए हैं

वचन पत्र के विमोचन के मौके पर कमलनाथ ने कहा कि पिछले वचन पत्र में 974 मुद्दे शामिल थे। 15 महीने की सरकार में इनमें से 574 वचन किए पूरे किए। जनता इसकी गवाह है।

कोविड का शुरू में तो शिवराज मजाक उड़ाते थे। पिछले 7 महीने में नारियल फोड़ने, बेमतलब की बात करने में गवां दिए। इस उपचुनाव में जनता शिवराज से मुंह नहीं मोड़ेगी, बल्कि तमाचा मारेगी।

हम मध्यप्रदेश के अगले 3 साल का रोडमैप बना रहे हैं। जनता ने 15 साल बाद भाजपा को घर बैठाया था। कोरोना में मृत व्यक्तियों के परिवार को पेंशन दी जाएगी।

हम 2 लाख तक का किसानों का ऋण माफ करेंगे। बिना ब्याज का ऋण का मुद्दा भी शामिल है। इसमें कुल 52 मुद्दे शामिल किए गए हैं।

कमलनाथ ने कहा कि इनका (भाजपा) चुनाव प्रचार तो बीते 7 महीने से चल रहा था। हमने अभी 4 दिन से शुरू किया है। जनता आने वाले दिनों में हमारे इस वचन पत्र में विचार करके अपना फैसला ले।

अकेले प्रचार में दिखाई देने पर कहा ऐसी बात नहीं है मैं कोई सुपर स्टार नहीं हूं। बल्कि मैं कोई स्टार ही नहीं हूं। स्टार तो शिवराज सिंह चौहान हैं, जिन्हें मुंबई जाना चाहिए। वो तो एक्टिंग में शाहरुख खान को भी डुबो देंगे।



Related