दिग्विजय सिंह ने शेयर किया नंद कुमार चौहान का पुराना और अधूरा वीडियो


बड़ी बात Updated On :
digvijay singh tweet

भोपाल। कांग्रेस नेता व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 15 अक्टूबर को मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और खंडवा से सांसद नंद कुमार चौहान का 6 सेकंड का एक वीडियो ट्वीट किया है।

इस वीडियो में नंद कुमार चौहान को कहते हुए सुना जा सकता है- UP में ऐसी भी महिलाएं हैं जो हर हफ़्ते बच्चा देती हैं, साल भर में 52 बच्चे देती हैं।

इस वीडियो को ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने नंद कुमार चौहान को संबोधित करते हुए उनसे सवाल किया कि क्या उन्होंने जो कहा, वह सही है। हम भी ऐसी महिलाओं के बारे में जानना चाहेंगे।

दिग्विजय के ट्वीट करने के साथ ही ये वीडियो इसी दावे के साथ फ़ेसबुक पर भी शेयर किया जा रहा है।

फैक्ट चेक करने वाली वेबसाइट ऑल्ट न्यूज ने दिग्विजय सिंह द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो की जांच-पड़ताल करते हुए इसे काफी पुराना और अधूरा बताया है।

ऑल्ट न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दिग्विजय सिंह ने नंद कुमार चौहान का अधूरा वीडियो शेयर किया है, जो काफ़ी पुराना वीडियो है।

ऑल्ट न्यूज़ के मुताबिक, उसने इस वीडियो की पड़ताल अप्रैल 2019 में भी की थी। असल में ये वायरल वीडियो एक बड़े वीडियो का हिस्सा है। अप्रैल 2019 में भी इसी क्लिप्ड वीडियो से नंद कुमार चौहान पर निशाना साधने की कोशिश की गई थी।

असली व पूरा वीडियो देखने पर पता चलता है कि नंद कुमार चौहान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के एक वायरल वीडियो की बात कर रहे थे। वो कहते हुए सुने जा सकते हैं कि राहुल गांधी ने कहा है कि यूपी में ऐसी भी महिलाएं हैं जो हर हफ़्ते बच्चा देती हैं।

वीडियो साभार- ऑल्ट न्यूज

इस दावे की पड़ताल भी ऑल्ट न्यूज़ ने अप्रैल 2019 में की थी। उस समय लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा सांसद आरके सिन्हा ने एक क्लिप्ड वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी पर भद्दे कमेंट्स किए थे।

असली वीडियो नवंबर 2011 में उत्तर प्रदेश के फूलपुर का है जहां राहुल गांधी भाषण दे रहे थे। इस वीडियो में वो उत्तर प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बात कर रहे थे।

उन्होंने एक आरटीआई के जवाब का हवाला देते हुए कहा था- हमने आरटीआई मांगा और हमें जो रिपोर्ट मिली। यूपी में ऐसी महिलाएं हैं, जो हर सप्ताह एक बच्चा पैदा कर सकती हैं। ऐसी महिलाएं हैं जो साल में 52 बच्चे दे रही हैं। एक ही नाम है। 1400 रुपये हर सप्ताह उनकी जेब में और एक ही… एक महिला नहीं है। हज़ारों महिलाएं हैं।

इसका मतलब यह है कि पहले राहुल गांधी के लगभग 9 साल पुराने भाषण के एक छोटे से हिस्से को गलत संदर्भ देते हुए शेयर किया गया था।

फिर, उस क्लिप के वायरल होने के बाद भाजपा नेता नंद कुमार चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसी का हवाला दिया।

इसके बाद अब नंद कुमार चौहान का ही वीडियो क्लिप होकर शेयर किया जाने लगा। जबकि इस क्लिप की (राहुल गांधी के भाषण के उस छोटे से हिस्से की) सच्चाई 2019 में ही सभी के सामने लाई गई थी।

इन सबमें सबसे मज़ेदार बात यह है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह जिस बात को लेकर भाजपा नेता से सवाल कर रहे हैं, कभी वही बात उनके ही नेता राहुल गांधी का मज़ाक उड़ाए जाने के लिए इस्तेमाल की गई थी।



Related