पीएम मोदी का मप्र में हफ्तेभर में पांचवा दौरा, 18 साल के शिवराज शासन की बजाए राम मंदिर पर है फोकस


तीन सभाएं हुईं तीनों में राम मंदिर का जिक्र और कांग्रेस से डराया


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

भोपाल। मप्र विधानसभा चुनावों में बड़े नेताओं के दौरे जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को भी मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। यहां लगातार पांचवें दिन पीएम मोदी का एमपी दौरा है। गुरुवार को उन्होंने सतना, छतरपुर और नीमच में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तीनों सभाओं में राम मंदिर का मुद्दा उठाया। पीएम मोदी ने यहां मप्र में सीएम शिवराज के कार्यकाल के बारे में भी ज्यादा बात नहीं और लगातार कांग्रेस पर भगवान राम के अस्तित्व को नकारने के आरोप लगाते रहे।

पीएम मोदी ने छतरपुर में कहा कि, ‘कांग्रेस जब चांद और सूरज लाने वाले वादे करे तो समझ लेना कुछ तो गड़बड़ है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को और मध्य प्रदेश को बचाना है। जब भी कांग्रेस बड़े वादे करे, ये मान लीजिए कि वो मीठा जहर देने की तैयारी कर रही है। देश के कई राज्यों में ऐसा हो चुका है। कांग्रेस के लिए देश दिल्ली से शुरू होकर दिल्ली में खत्म हो जाता था। योजनाएं दिल्ली के एक कमरे में घोषित होती थीं। इनके एक नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाते थे। पीएम ने कहा कि  कांग्रेस वाले रिवर्स गियर के एक्सपर्ट हैं। इनकी हर योजना देश को पीछे ले जाने वाली होती है।’

भगवान राम को काल्पनिक बताया…

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, ‘अयोध्या में भगवान राम का मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बता दिया था। इन्होंने बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया, आप भी इन्हें 100 साल तक तरसाइए। सत्ता के लिए तरसाकर सजा दीजिए।’

इससे पहले सतना की चुनावी सभा में मोदी ने कहा, ‘अयोध्या में जिस भक्ति से हम प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहे हैं, उसी भक्ति से गरीबों के घर भी बनाते हैं। जिन्हें PM आवास नहीं मिले हैं, उन्हें मोदी की गारंटी है कि उनका घर भी बनेगा। 3 दिसंबर को सरकार वापसी पर PM आवास का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।’

सतना में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी तंज़ किया। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को लेकर उन्होंने कहा कि, ‘MP में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्य प्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। आजकल दोनों एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। कांग्रेस आई तो मुफ्त राशन मिलना बंद हो जाएगा। मुफ्त में इलाज मिलना बंद हो जाएगा। लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी। मतदान से पहले ही कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूट गया है। उसके पास मध्यप्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में MP के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखता।’

देखा जाए तो पीएम मोदी ने तीनों चुनावी सभाओं में अपनी पार्टी की मजबूती और अच्छे कामों को गिनाने की बजाए कांग्रेस पार्टी पर ही हमला बोला है। वहीं वोट उन्होंने आवास योजना और राम मंदिर के नाम पर मांगे। इसके अलावा लोगों को यह कहकर डराया कि कांग्रेस आती है तो कई योजनाएं बंद हो जाएंगी। ऐसे में समझा जा सकता है कि प्रदेश में सीएम शिवराज के नाम पर वोट मांगना प्रधानमंत्री के लिए भी मुश्किल हो रहा है।

 



Related