दत्तीगांव के समर्थन में बदनावर पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया, कहा कांग्रेस ने कर्ज़ माफ़ी का झूठ बोला


भाजपा प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के पक्ष में तिलगारा में आयोजित जनसभा में उमड़ी भीड़


आशीष यादव आशीष यादव
राजनीति Updated On :

प्रदेश सरकार भाजपा प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के समर्थन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां पश्चिम क्षेत्र के ग्राम तिलगारा में बड़ी जनसभा को संबोधित कर भाजपा के लिए समर्थन मांगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि बदनावर के लिए दत्तीगांव ने हमेशा अच्छा सोचा है। साफ नियत व ईमानदारी से क्षेत्र की जनता की सेवा की।

बदनावर की जनता का व सिंधिया परिवार का वर्षों पुराना रिश्ता है। उस रिश्ते को हम युवा पीढ़ी निभाते आ रहे हैं। सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को हमेशा मात्र वोट बैंक ही समझा। इनके विकास व प्रगति के लिए कभी गंभीरता से काम नही किए। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासी समाज को हमेशा सम्मान के साथ आगे बढाने का काम किया। कांग्रेस ने गरीबी हटाने के नाम पर आदिवासी समाज का मात्र शोषण किया है।

 

किसानों का कर्ज़ नहीं हुआ माफ़ 

सिंधिया ने यहां कहा कि कांग्रेस ने किसानों के कर्ज माफी करने के झूठे वादे किए थे, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कांग्रेस के बड़े नेता ने कहा था 10 दिन में कर्ज माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल देंगे लेकिन 15 महीना में भी किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सका और न ही सीएम बदला गया। कांग्रेसी भूल गए कि हम इतिहास दोहराते हैं। जब बीपी मिश्रा जी ने मेरी दादी पूर्व राजमाता (विजयाराजे सिंधिया) साहब को ललकारा था तो बीपी मिश्रा को धूल चटाने का काम राजमाता साहब ने किया था। ये इतिहास फिर से मैंने दोहराया, कांग्रेस की सरकार को धूल चटाया, शिवराज सिंह जी की सरकार दोबारा बनी।

 

सिंधिया ने लाडली बहना योजनाओं को लेकर कहा कि यह योजना महिलाओ के जीवन मे खुशहाली ला रही है। कांग्रेस की जब सरकार बनी थी तब उन्होंने संबल योजना समेत कई योजनाओ पर ताला लगा दिया था। मध्यप्रदेश में सवा साल तक रही कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने सेवा भाव की जगह सत्ता का भाव पाल लिया था। जब कांग्रेस की सरकार आई तो बड़े भाई और छोटे भाई ने मिलकर वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया।

प्रदेश में उद्योग नहीं लाए, ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग शुरू करके भ्रष्टाचार का खेल खेला। सिंधिया ने उपस्थित समुदाय से कहा कि बदनावर में भाजपा को जीताकर नरेद्र मोदी जी के हाथों को मजबूत करे व क्षेत्र के विकास को प्रशस्त करने की अपील की।

“बदनावर का चुनाव आपके भविष्य का चुनाव”

इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव बदनावर के भविष्य का चुनाव है। हमे क्षेत्र के विकास व उन्नति के संकल्प को लगातार आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा विचारों व सिंद्धातों की राजनिति की है। विपक्षी दल को कभी नीचा दिखाने का काम नही किया। किन्तु आज कांग्रेस प्रत्याशी की भाषा क्षेत्र की जनता सुन रही है।

दत्तीगांव ने कहा कि बदनावर में लगने वाले बड़े उद्योग व पीएम मित्रा पार्क हमारी बड़ी उपलब्धि है। क्षेत्र में बन रहे डेम, बैराज, तालाब, दो सीएम राईज स्कुल, चमचमाती पक्की सड़कें, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए कामो से बदनावर की तकदीर व तस्वीर बदली है। इसके पहले भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल आदि ने भी संबोधित कर भाजपा को जिताने की अपील की।

 

 



Related