वरिष्ठ आदिवासी नेता व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संस्थापक हीरा सिंह मरकाम का निधन


छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संस्थापक और पूर्व विधायक हीरा सिंह मरकाम का 79 वर्ष की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने बुधवार शाम छह बजे अंतिम सांस ली। 



बड़ी बात Published On :
heera singh markam death

कोरबा। छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संस्थापक और पूर्व विधायक हीरा सिंह मरकाम का 79 वर्ष की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने बुधवार शाम छह बजे अंतिम सांस ली।

जीजीपी की छत्तीसगढ़ इकाई के उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह मरकाम ने बुधवार को बताया कि हीरा सिंह मरकाम पिछले कुछ समय से बीमार थे तथा उन्हें बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव व अन्य कई नेताओं ने वरिष्ठ आदिवासी नेता हीरा सिंह मरकाम के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है।

हीरा सिंह मरकाम के परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। मध्य छत्तीसगढ़ के प्रमुख आदिवासी नेता हीरा सिंह मरकाम अविभाजित मध्यप्रदेश के तानाखार विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर पहली बार 1985 में विधायक चुने गए थे।

बाद में 1991 में उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन कर लिया था। वह कोरबा जिले के तानाखार विधानसभा से 1996 और 1998 में विधायक चुने गए।

कुलदीप सिंह ने बताया कि पार्टी की स्थापना के बाद से ही हीरा सिंह मरकाम उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने बड़े बेटे तुलेश्वर सिंह मरकाम को अपना कार्यभार सौंपा था।

उन्होंने बताया कि हीरा सिंह मरकाम का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक ग्राम कोरबा जिले के तिवरता गांव में किया जाएगा।



Related