अपने मटके से पानी पीने पर शिक्षक ने दलित विधार्थी की पीट पीट कर हत्या कर दी


इस घटना के बाद से ही लगभग सभी समुदायों में खासा गुस्सा दिखाई दे रहा है। दलित समाज और संगठन भी इसे लेकर सक्रिय हो चुके हैं। इलाके में तनाव का माहौल है जिसके बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सामाजिक संगठन और कार्यकर्ता इसे लेकर अपना विरोध जता रहे हैं। 


DeshGaon
उनकी बात Published On :

नई दिल्ली। राजस्थान के जालौर जिले के सुराणा गांव में शिक्षक की पिटाई से आठ साल के तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक दलित विधार्थी इंद्र कुमार की मौत हो गई। पिटाई के बाद इंद्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा जहां उसे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यहां सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षक और स्कूल संचालक छैल सिंह ने इंद्र को केवल इसलिए बेरहमी से पीटा क्योंकि इंद्र ने उसके मटके से पानी पी लिया था। यह घटना 20 जुलाई की है लेकिन पुलिस के पास जानकारी 13 अगस्त को तब पहुंची जब इंद्र की मौत हो चुकी थी।

पिटाई की वजह से छात्र को बहुत सी अंदरूनी चोटें आईं और उसकी दाईं आंख पर भी पिटाई के निशान साफ़ नज़र आए। परिजनों ने पहले उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन फिर बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए जहां उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मृतक छात्र इंद्र के चाचा किशोर कुमार ने स्कूल संचालक छैल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने अपनी शिकायत में छैल सिंह पर अपने भतीजे को पीट पीट कर उसकी हत्या करने, इस दौरान उससे जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में मामला दर्ज कराया है।

इस घटना के बाद से ही लगभग सभी समुदायों में खासा गुस्सा दिखाई दे रहा है। दलित समाज और संगठन भी इसे लेकर सक्रिय हो चुके हैं। इलाके में तनाव का माहौल है जिसके बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सामाजिक संगठन और कार्यकर्ता इसे लेकर अपना विरोध जता रहे हैं।

 

घटना का ब्यौरा…

पुलिस के पास दर्ज रिपोर्ट में के मुताबिक 20 जुलाई को इंद्र रोज की तरह स्कूल गया था, जहां प्यास लगने पर उसने स्कूल में रखे पानी के मटके से पानी पी लिया। इंद्र ने जिस मटके से पानी पिया वह अध्यापक शैल सिंह के लिए अलग से रखा गया था। छैल सिंह को जब उसके बारे में पता चला तो उन्होंने इंद्र को खूब डांट लगाई और उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया। इस दौरान उसे अपने गुस्से पर भी काबू नहीं रहा उसने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। इससे बच्चे के दाहिने कान और आंख में अंदरूनी चोटें आईं। इसके बाद घर लौट कर इंद्र ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी जहां से भी इसे अस्पताल ले गए लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस इस मामले में एससी एसटी एक्ट और हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी छैल सिंह को भी हिरासत में ले लिया है। इस मामले की जांच मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दी गई है जिन्होंने इसके लिए कमेटी बनाई है।

इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ” जालौर के सायला थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा मारपीट के कारण छात्र की मृत्यु दुखद है। आरोपी शिक्षक के विरुद्ध हत्या व SC/ST एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले के त्वरित अनुसंधान एवं दोषी को जल्द सजा हेतु प्रकरण को केस ऑफिसर स्कीम में लिया गया है। पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा। मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से दी जाएगी।”



Related






ताज़ा खबरें