एक युवा फोटोग्राफ़र जिसके कैमरे में कैद है लाइट्स ऑफ पैशन


महाराष्ट्र की रहने वाली 23 वर्षीय ऐश्वर्या श्रीधर की तस्वीरें विश्वभर में चर्चित हैं। ये तस्वीरें अकेली उनकी नहीं बल्कि भारतीय महिलाओं की काबिलियत का भी एक बेहतरीन नमूना हैं।


vinay-yadav विनय यादव
कलाकार का कोना Updated On :

इंदौर। महिला दिवस पर ज़िक्र एक तेईस वर्षीय फोटोग्राफर का भी होना चाहिये जिनके जज़्बे ने उन्हें फोटोग्राफी में एक अहम मुक़ाम दिलवाया है।

महाराष्ट्र की रहने वाली ऐश्वर्या श्रीधर की तस्वीरें विश्वभर में चर्चित हैं। ये तस्वीरें अकेली उनकी नहीं बल्कि भारतीय महिलाओं की काबिलियत को भी दुनिया के सामने पेश करती हैं।

बीते साल उनकी तस्वीरें लंदन के प्राकृतिक  इतिहास संग्रहालय में भी जगह पा चुकी हैं। ऐश्वर्या को महाराष्ट्र में खीचीं गई आसमान की तस्वीर के लिये  साल 2020 का वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर अवार्ड भी मिल चुका है।

इस तस्वीर को लाइट्स ऑफ पेशन का नाम दिया गया। ऐश्वर्या को मिला यह पुरुस्कार किसी भी भारतीय महिला को पहली बार मिला है।

ऐश्वर्या श्रीधर की तस्वीर दुनियाभर के 80 से अधिक देशों में 50,000 प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ के तौर पर चुनी गई।

इससे पहले केवल 100 छवियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था और ऐश्वर्या ने बिहेवियर इनवर्टेब्रेट्स श्रेणी में अपनी तस्वीर के लिए पुरस्कार जीता।

इस अवार्ड की घोषणा लंदन में प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय में की गई थी। वे देश में भी कई दूसरे पुरुस्कार जीत चुकी हैं। 2019 में उन्हें वुमेन इंडियन आईकॉन अवार्ड भी मिल चुका है।

ऐश्वर्या श्रीधर ने बताया कि उन्हें बचपन से ही फोटोग्राफी का जुनून रहा है। जिसमें उनके माता-पिता ने पूरा सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि वे तीन साल से प्रोफेशनल फोटोग्राफी कर रही हैं। ऐश्वर्या कहती हैं कि मैनें पहली बार टाइगर को अपने बच्चों को यह सिखाते देखा था कि हमला कैसे करते हैं यह पल मेरा काफी यादगार रहा है।

इसके अलावा उन्होंने कान्हा  नेशनल पार्क, पैरियार नेशनल पार्क, साइलेंट वैली नेशनल पार्क आदि जगहों पर फोटोग्राफी की है।