राम मंदिर निर्माण के लिए अब बड़े पैमाने पर चंदा जुटाने का अभियान, महिलाओं को मिलेगी विशेष ज़िम्मेदारी


प्रदेश में राम मंदिर के लिए धन संग्रह किया जा रहा है इस दौरान कई जगह वाहन रैली भी निकाली जा रही है। पिछले दिनों उज्जैन और इंदौर के गौतमपुरा में निकाली गई वाहन रैली पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव किया था।


DeshGaon
भोपाल Updated On :
Representational Image Courtesy: The Wire


भोपाल। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हिंदू संगठन लगातार धन जुटाने का काम कर रहे हैं और इस दौरान उन पर दूसरे समुदाय के द्वारा हमले भी हुए हैं। हालांकि इन घटनाओं के पीछे धार्मिक तौर पर उकसाने की वजहें भी बताई जा रही हैं।

यह घटनाएं प्रदेश में लगातार बढ़ रही है और इसी माहौल के बीच अब राम मंदिर के लिए धन जुटाने के काम में और भी तेज़ी लाई जाएगी और इसे बड़े पैमाने पर शुरू किया जाएगा।

विश्व हिंदू परिषद ने धन संग्रह अभियान का जिम्मा उठाया है। परिषद ने तय किया है कि वे 15 जनवरी से 14 फरवरी के बीच मध्यप्रांत क्षेत्र में धन जुटाने का यह अभियान शुरु करेंगे। इसके लिए उनके कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर निर्माण के लिए दान लेंगे।

राम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के विनायक राव बुधवार को भोपाल में इसकी जानकारी दी है। भोपाल दौरे पर आए राव ने कहा कि इस अभियान में महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी जाएगी और उनकी भूमिका को महत्त्व देने के लिए महिला संपर्क अभियान शुरू किया गया है।

प्रदेश भर में कई जिलों में इसके लिए कार्यालय भी खोले जा चुके हैं। निधि संग्रह अभियान के साथ ही इस दौरान राम धुन और भजन संध्या, प्रातः संकीर्तन फेरी, जैसे आयोजन भी किए जाएंगे।

प्रदेश में राम मंदिर के लिए धन संग्रह किया जा रहा है इस दौरान कई जगह वाहन रैली भी निकाली जा रही है। पिछले दिनों उज्जैन में निकाली गई वाहन रैली पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव किया गया।

इसके बाद मंगलवार को इंदौर के गौतमपुरा क्षेत्र में भी ऐसी ही घटना सुनने को मिली। जिसके बाद गौतमपुरा में धारा 144 लगा दी गई है। इन दोनों ही घटनाओं में पथराव करने वाले कई आरोपियों को पकड़ा गया है। यह भी कहा गया कि दोनों ही घटनाओं में समुदाय विशेष को उकसाने का कार्य भी किया गया था जिसके चलते रैली पर पत्थर फेंके गए और तनाव बढ़ा।



Related