धारः भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक फेमस ने संघ के स्वयंसेवकों के साथ की मारपीट


संघ कार्यकर्ता ने भाजपा के राजोद मंडल अध्‍यक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। मारपीट के कारण संघ कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद सरदारपुर से धार रेफर कर दिया गया है।


DeshGaon
धार Published On :
arun nayma

धार। जिले के राजोद में चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट करने की बात को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक फेमस द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ की शाखा वर्ग में भोजन व्यवस्था में लगे कार्यकर्ता और वर्ग में बदनावर से आए स्वयंसेवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

संघ कार्यकर्ता ने भाजपा के राजोद मंडल अध्‍यक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। मारपीट के कारण संघ कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है। इस कारण उन्‍हें इलाज के लिए सरदारपुर रेफर किया गया था, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद सरदारपुर से धार रेफर कर दिया गया।

धार के प्राइवेट हॉस्पिटल में संघ कार्यकर्ता का इलाज जारी है। इधर इस मामले में पुलिस ने सत्ताधारी दल के मंडल अध्यक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने में लापरवाही बरती, लेकिन जब दबाव बढ़ता देखा तो प्रकरण दर्ज किया।

राजोद बस स्‍टैंड पर संघ का कार्यक्रम था जिसके खत्‍म होने के बाद घर लौट रहे संघ कार्यकर्ता डॉ. अरुण नायमा को भाजपा मंडल अध्‍यक्ष दीपक फेमस ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडे से जमकर पीटा गया।

इस कारण अरुण नायमा को गंभीर चोट आई है और उनका धार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंडल अध्यक्ष यही नहीं रुके संघ वर्ग में आए कार्यकर्ता जब शोर सुनकर बाहर आकर मारपीट देख रहे थे तो उनके साथ भी धमकाते हुए मारपीट की गई है।

घटना के बाद मंडल अध्‍यक्ष फेमस सहित उसके साथी मौके से भाग निकले। इधर संघ कार्यकर्ता नायमा को घायलावस्‍था में सरदारपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद धार रेफर कर दिया गया। संघ कार्यकर्ता नायमा का धार के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

पहले घर पर की तोड़फोड़ –

इसके पहले दीपक फेमस स्वयंसेवक श्रीराम मुकाती के घर पर भी गया था। जहां पर मुकाती की पत्नी कर्मा मुकाती अकेली थी। दीपक ने उनके घर के बाहर गाली-गलौज कर तोड़फोड़ भी की। इस मामले में कर्मा मुकाती की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

पीड़ित संघ कार्यकर्ता अरुण नायमा ने बताया कि

बस स्‍टैंड स्थित बालक छात्रावास में संघ शाखा प्रशिक्षण वर्ग का एक कार्यक्रम था। वहां पर भोजन व्यवस्था के कार्य में लगा हुआ था। जब मैं वहां से निकल रहा था तभी भाजपा मंडल अध्‍यक्ष दीपक फेमस अपने साथी रवि कावलिया, राजेश, विजय, सुनील आदि लोगों के साथ पहुंचा और मारपीट करने लगा। इन लोगों ने एकमत होकर लाठी-डंडे से मारपीट की। इनसे मेरा कोई पुराना विवाद नहीं है और न ही चुनावी रंजिश है। सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म फेसबुक पोस्‍ट पर भी मेरे द्वारा कोई कमेंट नहीं की गई। इसके बाद भी मेरे साथ मारपीट की गई है।

मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस –

संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। सात दिनों में जवाब का परीक्षण कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी – राजीव यादव, जिलाध्यक्ष भाजपा, धार

मैं उस दिन घटनास्थल पर नहीं था –

मैं उस दिन खाचरोद में था। घटनास्थल पर था ही नहीं। चाहे तो पुलिस मेरी मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर सकती है। – दीपक फेमस, भाजपा मंडल अध्यक्ष, राजोद

दो प्रकरण किए गए हैं दर्ज –

दो नामजद प्रकरण दर्ज हुए हैं। चार लोगो की गिरफ्तारी हो गई है। जल्द ही और गिरफ्तारियां भी होगी। – सुरेंद्र कनेश, टीआई, थाना राजोद



Related