बोवनी करने जा रहे किसान दंपत्ति पर तेंदुए ने किया हमला, आई गंभीर चोट


घायल दंपत्ति को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र लेकर पहुंचे ग्रामीण, वन विभाग को भी दी गई सूचना।


DeshGaon
धार Published On :
leopard in dhar

धार। जिले के राजगढ़ में तेंदुए के हमले से किसान दंपत्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। किसान दंपत्ति बोवनी के लिए खेत जा रहे थे। इस बीच जंगल क्षेत्र होने के कारण घात लगाकर शिकार की तलाश में बैठे तेंदुए ने किसान दंपत्ति पर अचानक हमला कर दिया।

तेंदुए के अचानक हुए इस हमले में किसान दंपत्ति को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद घायलों को सरदारपुर सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर लाया गया, जहां पर दोनों का इलाज जारी है।

राजगढ़ थाने की तिरला चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम चौबारा की यह घटना बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार किसान कुंवर सिंह पिता पहाड़ सिंह अपनी पत्‍नी मन्‍नी बाई के साथ खेत पर बोवनी के लिए जा रहा था।

ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि बनसिंह ग्रेवाल ने बताया कि चौबारा निवासी कुंवर सिंह और पत्नी मन्नी बाई दो बैलों को लेकर खेत पर बोवनी करने गए थे।

बोवनी प्रारंभ ही कर रहे थे कि जंगल के रास्ते एक तेंदुए ने पत्नी पर हमला करते हुए पंजा मारा जिससे वह बैलो के पास जाकर गिर गई। यह देख मन्नीबाई के पति ने लठ्ठ एवं पत्थर से तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए ने उनके सिर पर हमला किया।

उससे बचने के लिए कुंवर सिंह ने हाथ मारने की कोशिश की तो तेंदुए ने उनका हाथ पकड़ लिया। इस संघर्ष में कुंवर सिंह ने हार नहीं मानी और खुद को बचाने की पूर जोर कोशिश की। इस बीच हुए शोरशराबे के चलते आसपास के ग्रामीण भी दौड़कर पहुंचे।

लोगों को आता देख तेंदुआ भाग निकला। ग्रामीणों की मदद से घायल दंपत्ति को सरदारपुर के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने कुंवर सिंह एवं उसकी पत्नी का उपचार किया। उपचार के बाद दोनों की हालत सामान्‍य बताई जा रही है।

leopard attacks on farmer

इधर घटना को लेकर वन विभाग के डिप्टी रेंजर विक्रम निनामा ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। दंपत्ति को उपचार के लिए सरदारपुर अस्पताल लाए थे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दंपत्ति पर तेंदुए ने हमला किया है या किसी अन्‍य जीव ने, वन्य जीव को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम सक्रिय है।



Related