बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से बाग-कुक्षी रोड पर बस-कार पर फेंके पत्थर, तीन को आई चोट


लूट की नीयत से बदमाशों ने फेंके पत्थर, भाजपा नेता जयदीप पटेल की कार पर भी बरसाये पत्थर।


DeshGaon
धार Published On :
stone pelting on highway

धार। जिले के कुक्षी में बीती रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बाग-कुक्षी रोड पर वाहनों पर लूटपाट के इरादे से बदमाशों ने पथराव किया। 8 से अधिक वाहनों पर पत्थर फेंकने की जानकारी सामने आई है।

इन वाहनों में भाजपा के प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल सहित यात्री बस पुलिसकर्मी और अन्य लोगों के वाहनों पर पथराव हुआ है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

इस पथराव के कारण दो लोगों को हल्की चोटें आईं हैं जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया है। घटना रात करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पाडल्या घाटी में कुक्षी की ओर आ रही बस पर बदमाशों ने पथराव किया। इसमें एक यात्री बस समेत 8 वाहन शामिल हैं जिन्हें निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए।

बदमाश लूट के इरादे से आए थे, इसलिए ताबड़तोड़ पथराव किया गया जिससे वाहनों में कांच के शीशे टूटे और साथ ही लोगों को भी चोट आई है। बताया जा रहा है कि बीती रात 10 बजे बदमाशों ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंके।

इस दौरान एक बस सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी जयदीप पटेल की इनोवा कार, बदनावर में पदस्थ उप निरीक्षक एस शुक्ला की कार, पत्रकार अखिलेश पवार की कार व कुक्षी जाने वाली एक यात्री बस के कांच फूटने की सूचना है।

सूचना पर पहुंची पुलिस –

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने रास्ते में बड़े-बड़े पत्थर जमा कर वाहनों को रोकने की योजना बनाई थी। इस बीच पथराव भी किया जा रहा था।

भाजपा नेता पटेल की कार पर भी पथराव हुआ। लूट से बचने के लिए कार को पत्थर पर चढ़ाकर निकालने की कोशिश में कार का टायर फट गया। कुक्षी के व्यवसायी अप्पू मिस्त्री के वाहन पर भी पत्थराव होने की जानकारी सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी कुक्षी दिलीप सिंह बिलवाल, कुक्षी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार मालवीय एवं बाग थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल के साथ पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस द्वारा बदमाशों की तलाश की जा रही है।



Related