धार के समीप ग्राम सीतापाठ में तेंदुए का मूवमेंट, एक गाय और दो कुत्‍तों का किया शिकार


अपने शावकों के साथ मक्‍के के खेत में छुपी है मादा तेंदुआ, क्षेत्र में वन विभाग की टीम तैनात, खेतों में मिले तेंदुए और शावकों के पदचिह्न, ग्रामीणों में दहशत।


DeshGaon
धार Updated On :
dhar leopard presence

धार। शहर के समीप गुरुवार की सुबह के समय ग्राम सीतापाठ के बडपिपली में तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है। तेंदुए ने एक गाय और एक कुत्‍ते का शिकार भी किया है। तेंदुए के मूवमेंट की सूचना पर वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा गया है।

वन विभाग के अनुसार मादा तेंदुए के साथ शावक भी बताये जा रहे हैं। ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह के समय मक्के के खेत में तेंदुए और उसके शावकों को देखा जिसके बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में सर्चिंग की। मादा तेंदुआ अपने बच्चों के साथ मक्के के खेत में छुपी हुई है। वन विभाग का अमला लगातार खेत में नजर बनाए हुए है।

ग्रामीणों ने देखा तेंदुआ –

शाहरुख नामक ग्रामीण अपने क्षेत्र में गाय का दूध निकालने के लिए जा रहा था तभी मक्‍की के खेत में से तेंदुए की दहाड़ की आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीणों ने मक्‍के के खेत में जाकर देखा तो मादा तेंदुआ अपने बच्चे के साथ खेत में छुपी हुई थी।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। वन विभाग के अमले ने मक्‍के के खेत के चारों ओर सर्चिंग कर स्‍पॉट लगाए हैं। वन विभाग के अधिकारी ग्रामीणों को खेत की ओर नहीं जाने दे रहे हैं।

कई दिनों से आ रही थी कुत्तों के भौंकने की आवाज –

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से कुत्तों के भौंकने की आवाज आ रही थी। मादा तेंदुआ कई दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रही है। उसने गाय के साथ दो कुत्तों को भी अपना शिकार बनाया है।

मौके पर मिले पगमार्क –

leopard pugmark

वन विभाग को मौके से मादा तेंदुए के साथ शावकों के पद चिन्ह भी मिले हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मादा तेंदुआ डरी हुई है। सूरज ढलते ही मां अपने बच्चों के साथ अन्य क्षेत्र में जाने की कोशिश करेगी।

ग्रामीणों में दहशत –

तेंदुए की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर बंधे पशुओं को भी बाड़े में शिफ्ट किया है।

वन विभाग रेंजर तिवारी ने बताया कि अमला लगातार तेंदुए के मूवमेंट पर पैनी नजर रख रहा है। मादा तेंदुए आबादी वाले क्षेत्र में ना आए इसकी भी कोशिशें की जा रही हैं।

वन विभाग के एसडीओ एसके रनशोरे ने बताया कि जरुरत पड़ने पर क्षेत्र में पिंजरे के साथ इंदौर की टीम को बुलवाएंगे व ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि अकेले खेतों व सुनसान जगह पर ना जाएं व अपने पशुओं को घरों के अंदर बांधकर रखें।



Related