अनंत चतुर्दशी पर निकल रही झांकियों पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़, दुकानों में लगाई आग


पथराव में 12 लोग घायल, कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार जिले के ग्राम कुक्षी में बीत रात के समय दो पक्षों में विवाद के बाद पथराव की घटना हो गई है। यहां पर अनंत चतुर्दशी के जुलूस के बाद निकल रही झाकियों के साथ चल रहे लोगों पर अचानक वर्ग विशेष समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल मच गया, जुलूस के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने विवाद को रोकने की कोशिश की व पत्थर फैंकने वाले लोगों को भी खदेडा। सूचना के बाद थाने का अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा, किंतु तब तक पथराव में पुलिसकर्मी सहित कुल 8 लोग घायल हो गए।

विवाद के दौरान एक दुकान को भी अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया हैं, जिसमें आग भी लगा दी गई थी। हालांकि समय रहते पुलिस प्रशासन ने विवाद को शांत कर दिया, अन्यथा जिले में कल रात के समय बडा सांप्रदायिक तनाव हो सकता था।

जानकारी के अनुसार गणेश उत्सव पर्व के अंतिम दिन प्रतिमाओं को विसर्जित करने के बाद रात के समय झाकियां सहित जुलूस कुक्षी नगर में निकाला जा रहा था, रात करीब 12 बजे के आसपास जुलूस ग्राम कुक्षी के बाडपुरा मोहल्ले में जुलूस पहुंचा। इसी बीच अचानक वर्ग विशेष समुदाय के लोगों ने पथराव शुरु कर दिया था, जुलूस के साथ मौजूद लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही पथराव के कारण अफरा-तफरी मच गई। पथराव की सूचना पूरे कुक्षी नगर में आग की तरह फैल गई, लोग सडकों पर आ गए व मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र की और जाने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने भीड को मौके से हटाकर पत्थर फैंकने वाले लोगों को भी रोका। इधर अचानक हुए घटनाक्रम के बाद झाकियां सहित जुलूस भी अपने नियत पूरे मार्ग पर भ्रमण नहीं कर पाया व जुलूस को बंद कर दिया गया।

लोगों को आई चोट : 

जुलूस के कारण सड़क पर भीड अधिक थी, अचानक हुए पथराव के कारण लोगों को चोट आई है। जिसमें पुलिस जवान भी शामिल है। कुक्षी अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार चिराग, राहुल, भारत, लक्की, लोकेश, बिसन सिंह, राहुल, मनोज सहित अन्य लोग पथराव में घायल हुए है। अचानक हुए विवाद के बाद आसपास के थानों का भी अतिरिक्त बल कुक्षी भेजा गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले को रात में ही शांत कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश मंत्री व भाजपा प्रत्याशी जयदीप पटेल, पूर्व विधायक रंजना बघेल घायलों से चर्चा करने के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां पर भाजपा नेताओं ने पथराव करने वाले दोषियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की मांग रखी है।

गाने पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद : 

जुलूस के साथ मौजूद लोगों ने बताया कि बाडपुरा क्षेत्र से झांकियां सहित डीजे वाहन निकल रहा था, इस दौरान युवा नाच रहे थे। जहां पर नाचने के दौरान धक्का लगने पर सबसे पहले दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी हुई थी, वर्ग विशेष समुदाय के बाहुल्य क्षेत्र के रोड से ही जुलूस निकल रहा था। हालांकि यहां पर दोनों पक्ष शांत हो गए थे, किंतु महज कुछ देर में ही कुछ लोग एकत्रित हुए व अचानक पत्थर फेंकना शुरु कर दिया।

पथराव में प्रमोद डागा सहित बिसन नाम के दो प्रधान आरक्षक घायल हुए है।दो दुकान में आग, बाइकों में तोडफोड बाडपुरा मोहल्ले से शुरु हुआ विवाद पूरे नगर में फैल गया। जुलूस देखने के लिए आए लोग भी पथराव की घटना के बाद आक्रोशित हो गए। करीब डेढ घंटे चले विवाद के दौरान एक कपडे की दुकान व मोबाइल की दुकान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी, हालांकि कुक्षी नगर परिषद का फायर वाहन मौके पर पहुंचा व आग पर काबू पा लिया गया था। इन दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका है। वहीं नगर में अलग-अलग स्थानों पर 8 से अधिक बाइकों को क्षतिग्रस्त किया गया, रात में ही कुछ लोगों ने दुकानों के ताले तोड़कर भी दुकानों में तोड़फोड़ की है।

 

अधिकारियों ने किया दौरा : कल रात में हुए घटनाक्रम के बाद थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया था। आज सुबह कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी मनोज कुमार सिंह भी कुक्षी पहुंचे, अधिकारियों ने सबसे पहले बाडपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां पर स्थानीय अधिकारियों से विवाद की वजह को समझा। कलेक्टर व एसपी ने स्थानीय प्रशासन को पथराव करने वाले व तोडफोड करने वालों को चिन्हित कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे नगर में पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के इलाकों में भी अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे है।

 

एडीएम अश्विनी कुमार रावत के अनुसार कल रात में हुई घटना को लेकर वीडियो खंगाले जा रहे हैं, इसमें शामिल कुछ लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे क्षेत्र में शांति हैं, हर चौराहे पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौजूद है। जल्द ही एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जाएगी। घटना में हुए नुकसान को लेकर सर्वे करवाया जा रहा है। कुछ लोगों ने निजी में उपचार भी करवाया था, अभी तक 10 के करीब लोगों को चोट आई है।



Related