IIM INDORE की मनी मैनेजमेंट टिप्सः घरेलू महिलाएं भी इस तरह बन सकती हैं करोड़पति


IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने कहा कि IIM अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत अर्थसंगिनी संस्था के साथ मिलकर पुलिस परिवार की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता के लिए ट्रेनिंग के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।


DeshGaon
इन्दौर Published On :

इंदौर। महिलाएं अगर अपनी घरेलू बचत में कुछ मैनेजमेंट का ज्ञान अपनाएं तो वे एक करोड़ से पौने दो करोड़ रुपये तक बचा सकती हैं। पुलिस परिवारों की महिलाओं को यह मैनेजमेंट का ज्ञान आईआईएम इंदौर और अर्थसंगिनी संस्था  की महिला सदस्यों ने दिया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक आइआइएम इंदौर प्रोफेसर हिमांशु राय के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस उप महानिरीक्षक शहर इंदौर मनीष कपूरिया की अध्यक्षता में किया गया।

नईदुनिया की ख़बर के अनुसार अर्थसंगिनी की फाउंडर शानू मेहता ने बताया कि महिलाएं हर महीने पांच-पांच हजार रुपए की बचत करती हैं तो भी वे करोड़पति बन सकती हैं। यहां उन्होंने पावर आफ कंपाउंडिंग के बारे में बताते हुए मनी मैनेजमेंट की जानकारी दी।

शानू मेहता ने इसका पूरा गणित इन महिलाओं को बताया उन्होंने कहा कि अगर एक महिला 25 साल की उम्र में हर महीने पांच हजार रुपये  बचाती है तो 10 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से उनके पास 60 साल के होने पर ये रकम 1.69 करोड़ रुपये होगी। वहीं यदि कोई महिला 30 साल की उम्र में इतनी ही रकम हर महीने जोड़ना शुरु करती है तो 10 प्रश ब्याज के हिसाब से 60 साल की उम्र में 1.03 करोड़ बचा पाएगी।

शानू मेहता ने पुलिसकर्मियों के परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए तरह के आसान बिज़नेस आईडिया की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आजकल घर पर रहकर भी कई काम किए जा सकते हैं। मेहता ने कहा कि महिलाएं रेपुटेशन मैनेजमेंट का काम कर सकती हैं। उन्हें अगर लिखने पढ़ने का शौक है तो ट्रांसलेशन और प्रूफ रीडिंग भी कर सकती हैं।

इसके अलावा यदि मैनेजमेंट की जानकारी है तो पार्टी प्लानर का काम भी कर सकती हैं। वहीं छोटी-मोटी चीजें बनाकर आनलाइन भी बेची जा सकती हैं। मेहता ने आय और खर्च के समन्वय को लेकर भी यहां महिलाओं की जानकारी दी और उन्हें बजटिंग के बारे में भी समझाया।

इस मौके पर आइआइएम इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने कहा कि आइआइएम अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत अर्थसंगिनी संस्था के साथ मिलकर पुलिस परिवार की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता के लिए ट्रेनिंग के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

राय ने कहा कि वहीं घर, परिवार व देश सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर हैं, जिसकी महिलाएं भी अपने आप में जीवन के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो, और जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर व सुदृढ़ होंगी तो वह घर व देश भी आर्थिक रूप से और ज्यादा उन्नत होगा।

महिलाएं जब अपने घर की सभी व्यवस्थाओं व घर की उन्नति का उत्तरदायित्व इतने अच्छें से निभाती हैं तो उन्हें अपने स्वयं के विकास के प्रति भी उतना ही जागरूक रहने की ज़रुरत है।  इस कार्यक्रम में एसपी पूर्व इंदौर आशुतोष बागरी, एसपी पश्चिम इंदौर महेशचंद्र जैन भी पहुंचे। इसके साथ ही आईआईएम इंदौर के नवीन राय, स्मिता टूटेजा, एएसपी मनीषा पाठक सोनी, एएसपी प्रशांत चौबे सहित बड़ी संख्या में जिला बल इंदौर एंव पीटीसी इंदौर के पुलिस परिवार की महिलाएं शामिल हुईं।



Related






ताज़ा खबरें