खरगोन कलेक्टर और एसपी ने लिया दंगा प्रभावित क्षेत्रों का हाल


कलेक्टर और एसपी दंगा प्रभावित इलाकों में फिर निकले, तवड़ी मोहल्ले में आसिफ से की बात, कहा आप शासन के प्रतिनिधि हो…


ब्रजेश राठौर
खरगोन Updated On :

खरगोन। ज़िला प्रशासन और पुलिस विभाग में बदलावों के बाद नए अधिकारी मैदानी काम करते दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को नए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम और एसपी धर्मवीर सिंह यादव दंगा प्रभावित इलाकों में फिर पहुंचे। यहां उन्होंने कई लोगों से बातचीत की और क्षेत्र में मौजूदा माहौल को टटोला। कलेक्टर और एसपी ने यहां एक तरह से लोगों में सुरक्षा और व्यवस्था का विश्वास पैदा करने का प्रयास किया।

कलेक्टर और एसपी ने सोमवार रात को फिर दंगा प्रभावित इलाकों में दौरा कर लोगों से बातचीत की। अधिकारी पोस्ट ऑफिस चौराहे से भाटवाड़ी और फिर तवड़ी मोहल्ले में पहुँचे। यहां उन्होंने निवासी आसिफ मिर्जा से नाम पूछा और काम के बारे में पूछा। आसिफ ने जवाब दिया कि वे एक शिक्षक हैं। इस पर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने कहा आप को हम प्रबुद्ध व्यक्ति मानते हैं। उस दिन ये सब हुआ आपके सामने यह सब ठीक नहीं है।

 

कलेक्टर कुमार ने आसिफ से कहा सरकारी व्यक्ति की जिम्मेदारी ज्यादा होती है। अब से आप यहां पर प्रशासन के प्रतिनिधि हैं। एसपी यादव ने कहा कि उस दिन का 3 मिनट का वीडियो देखा है। क्या अफरा-तफरी मची थी। सब इधर उधर भाग रहे थे। इसलिए आप बताएं क्या सब हुआ था। हम यहां समझने आये हैं। वास्तव में क्या हुआ था। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने नागरिकों से चर्चा कर घटना की वास्तविक स्थिति को जाना।

उल्लेखनीय है कलेक्टर कुमार और एसपी यादव पिछले तीन दिनों से लगातार दंगा प्रभावित क्षेत्र में निरीक्षण के लिए निकल रहे है। इस दौरान वे अलग-अलग क्षेत्रों में जा कर नागरिकों से चर्चा भी कर रहे है।

खरगोन में रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव के बाद दंगे भड़क गए थे। जिसके बाद से यहां लगातार स्थिति विवादित बनी हुई है। इस बीच पिछले दिनों सरकार ने यहां कलेक्टर और एसपी की भी तबादले कर दिए थे।



Related