महूः विहिप व बजरंग दल ने निकाली विशाल वाहन रैली, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस


विहिप तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण को लेकर जागरण रैली निकाली। रैली सुबह 11 बजे किशनगंज नाके से शुरू हुई जिसमें सैकड़ों वाहनों पर हजारों कार्यकर्ता तिरंगा व केसरिया ध्वज लिए शामिल हुए।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
vhp-bajrang-dal-rally-mhow

महू। अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के लिए धन संग्रहण अभियान के पूर्व जागरण रैली निकाली गई। इसमें सैकड़ों वाहनों पर हिंदुवादी कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली को देखते हुए प्रशासन ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में खास तौर पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की थी।

विहिप तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण को लेकर जागरण रैली निकाली। रैली सुबह 11 बजे किशनगंज नाके से शुरू हुई जिसमें सैकड़ों वाहनों पर हजारों कार्यकर्ता तिरंगा व केसरिया ध्वज लिए शामिल हुए।

रैली नगर के प्रमुख मार्ग सांघी स्टीट, मेन स्टीट, डीमलैंड चौक, माणक चौक, फूल चौक, छोटा बाजार, हरि फाटक, सात रास्ता, पत्ती बाजार, धानमंडी, गोकुलगंज होते हुए गुजरखेड़ा पहुंची। जहां से रैली यादव मोहल्ला होते हुए आजाद मैदान पहुंच कर समाप्त हुई।

vhp-rally-mhow

इस रैली को लेकर सुबह से ही प्रशासन व पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया था। नायब तहसीलदार रितेश जोशी, एसडीओपी विनोद शर्मा, थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ रैली के साथ-साथ रहे जबकि शहर के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया था।

रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने रास्ते में भी मंदिर निर्माण को लेकर नारेंबाजी की जबकि कार्यकर्ता सैकड़ों केसरिया ध्वज लहराते हुए चल रहे थे।

vhp-rally

अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए एक से पंद्रह जनवरी तक धन संग्रह अभियान चलाया जाएगा। रैली का सराफा बाजार, सिमरोल रोड़, गुजरखेडा स्थानों पर स्वागत किया गया।

प्रशासन के लिए था तनाव – 

इस रैली के लिए प्रशासन सुबह से ही भारी तनाव में था क्योंकि रैली का समय सुबह दस बजे से था और उसके आरंभ होने में लगातार देरी हो रही थी। ग्यारह बजे रैली आरंभ होते ही जैसे शहर में प्रवेश किया उसकी रफ्तार धीमी हो गई।

प्रशासन की मंशा थी कि रैली जल्दी से जल्दी निकल जाएं क्योंकि शुक्रवार होने के कारण दोपहर को नमाज का समय हो जाता और रैली पत्ती बाजार, गुजरखेडा से निकल रही थी जहां रास्ते में मस्जिद है।

इसके अलावा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में पुलिस ने विशेष सतर्कता रखी। रैली निकलने के समय यहां के रहवासियों को घरों के अंदर रहने के लिए कहा गया।



Related