मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रभारी बने मोदी के पसंदीदा मुरलीधर राव, विजयवर्गीय को मिला बंगाल


पी. मुरलीधर राव एक मंझे हुए राजनेता के रूप में जाने जाते हैं। ओस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमए कर चुके राव आरएसएस प्रचारक रहे हैं।  मध्यप्रदेश से पहले वे कर्नाटक और तमिलनाडु राज्य में पार्टी प्रभारी के तौर पर काम कर चुके हैं और पार्टी को सफलता भी दिला चुके हैं। दक्षिण भारतीय होने के बावजूद उन्हें हिन्दी भाषा का भी अच्छा ज्ञान है। वे पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं। 


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रदेश प्रभारियों की जिम्मेदारी दे दी गई है। पार्टी ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेशों और 28 राज्यों के लिए प्रभारियों की सूची जारी की है।

पार्टी ने मप्र के प्रभारी के तौर पर आंध्रप्रदेश के नेता और पार्टी महासचिव पी. मुरलीधर राव को चुना गया है। इसके अलावा पंकजा मुंडे और विसवेश्वर टुडू को सहप्रभारी बनाया गया है। पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आज एक विज्ञप्ति के द्वारा इन नियुक्तियों की जानकारी दी है।

                  पी. मुरलीधर राव

पी. मुरलीधर राव एक मंझे हुए राजनेता के रूप में जाने जाते हैं। ओस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमए कर चुके राव आरएसएस प्रचारक रहे हैं।  मध्यप्रदेश से पहले वे कर्नाटक और तमिलनाडु राज्य में पार्टी प्रभारी के तौर पर काम कर चुके हैं और पार्टी को सफलता भी दिला चुके हैं। दक्षिण भारतीय होने के बावजूद उन्हें हिन्दी भाषा का भी अच्छा ज्ञान है। वे पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं।

कैलाश विजयवर्गीय

इस सूची में मध्यप्रदेश से संबंधित एक अन्य नाम महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का है। जिन्हें बंगाल का प्रभारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि विजयवर्गीय पिछले करीब चार साल से बंगाल में सक्रिय हैं और इस दौरान बीजेपी वहां काफी मजबूत हुई है। जिसका असर बीते लोकसभा चुनावों में भी देखने को मिला था। केंद्रीय नेतृत्व कैलाश विजयवर्गीय की सक्रियता से काफी खुश बताया जाता है।

इसके अलावा भूपेंद्र यादव को बिहार विधानसभा चुनाव और गुजरात उपचुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन का पुरुस्कार मिला है। उन्हें फिर से दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा  राधा मोहन सिंह को उत्तर प्रदेश प्रभारी और सुनील कुमार ओझा, सत्या कुमार व संजीव चौरसिया को सह प्रभारी नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ राज्य में प्रभारी के तौर पर डी पुरंदेश्वरी  को चुना गया है।



Related