53 लाख लोगों के 2300 करोड़ रुपए की पेंशन पर भाजपा सरकार ने लगा दिया तालाः रणदीप सुरजेवाला


रणदीप सुरजेवाला ने मप्र में पेंशन का मुद्दा उठाया है प्रदेश में 53 लाख लोगों को करीब छह महीने से पेंशन नहीं मिली है।


DeshGaon
राजनीति Published On :

मैदानी चुनाव लड़ने के साथ-साथ कांग्रेस भाजपा सरकार के दौरान जारी लोगों की परेशानियों को खोजकर ला रही है और भाजपा पर हमलावर है। बुधवार को कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भोपाल में एक प्रेसवार्ता की उन्होंने इस दौरान कहा कि मप्र में महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के साथ मानसिक बहुदिव्यांगों को बीते छम महीने से पेंशन नहीं मिल रही है। इन्हें सरकार छह सौ रुपए पेंशन देती है लेकिन फिलहाल 53 लाख ऐसे लोग इस समय इस न्यूनतम लाभ से वंचित हैं। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार इसमें भी घोटाला कर रही है। उन्होंने कहा कि 53 लाख लोगों के मान से 2300 करोड़ रुपए लोगों को नहीं मिले हैं। यह राशि अप्रेल 2023 से बंद है।

सुरजेवाला ने सीएम शिवराज और पीएम नरेंद्र मोदी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने 2300 करोड़ का भ्रष्टाचार किया, धोखेबाज शिवराज और कपटी बीजेपी ने पिछले 7 महीने में प्रदेश की 54 लाख महिलाओं का 2300 करोड़ रूपया खा लिया। वृद्धों, निशक्त जनों, विधवाओं का हक छीनने वाली सरकार अगर तीनों लोकों में कहीं है तो वो मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार और बड़ी-बड़ी बातें वाले नरेंद्र मोदी हैं। प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश के 54 लाख परिवारों के साथ इतना घृणित कार्य किया है कि बताते हुए मेरी आत्मा छलनी हो रही है।

सुरजेवाला ने आगे कहा कि भारत की सनातन संस्कृति में भी कहा गया है कि जो भी अपने से बुजुर्ग, अबला असहाय है उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होना एक सामाजिक दायित्व है। बाबा साहब अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल द्वारा बनाए गए संविधान में भी कल्याणकारी सरकार की यही परिभाषा है लेकिन मध्यप्रदेश में वर्तमान भाजपा की सरकार ने पाप की सारी पराकाष्ठा को पार करते हुए इन सबको खत्म कर दिया है… और अप्रैल 2023 से अक्टूबर 2023 तक एक फूटी कौड़ी भी इन सारी महिलाओं को नहीं दी है इनकी पेंशन बंद कर दी गई हैं, मध्य प्रदेश में योजनाओं पर ताला लगा दिया गया है।

 



Related