राहुल गांधी अब पूर्व से पश्चिम की ओर नापेंगे भारत, कमलनाथ की भाजपा संघ के नेताओं को बहस की खुली चुनौती


कांग्रेस और राहुल अब नापेंगे पूरा भारत, कमलनाथ ने लगाए भाजपा पर कई आरोप


DeshGaon
राजनीति Updated On :

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले समर्थन के बाद एक और जानकारी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी अब एक और यात्रा करेंगे जो भारत के पूर्वी इलाके से पश्चिम इलाके तक होगी। यह भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण होगा जिसमें राहुल उन इलाकों में जाएंगे जिनमें इस यात्रा के दौरान भी नहीं जा सके हैं। इस तरह राहुल और कांग्रेस पूरा भारत नापने की तैयारी कर रही है। इस यात्रा के बारे में अब औपचारिक जानकारी सामने आने लगी है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख कमलनाथ ने रविवार को मीडिया के सामने इस बारे में बात की। उन्होंने राहुल गांधी के आध्यात्मिक ज्ञान की तारीफ़ की और चुनौती दी कि भारतीय जनता पार्टी और संघ के नेता चाहे तो राहुल गांधी से अध्यात्म पर खुली बहस कर लें।

मीडिया से बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, ‘बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद का कोई भी नेता आ जाए और राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर ले। मैं उन्हें चुनौती देता हूं। पता चल जाएगा किसको इस विषय पर कितना ज्ञान है।’ कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने भारत जोड़ो यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए, पर आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है।

कमलनाथ ने इस दौरान दावा किया कि राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि, ‘मध्य प्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं। पिछले 12 साल में बीजेपी ने उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपए मीडिया और सोशल मीडिया पर खर्च किए। लेकिन अब दूध का दूध पानी का पानी हो गया। सच सामने है।’

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि, ‘बीजेपी वाले यात्रा आने से पहले हमारी खिल्ली उड़ाते थे, आज उनकी नींद उड़ी हुई है। हमारी यात्रा रोकने के लिए भाजपा सरकार ने इंदौर में पोस्टर हटवाए, महू में 2 बार बिजली काटी गई। लेकिन सड़कों पर जनसैलाब दिखा। इस यात्रा से भारत का भविष्य तय होगा।

 

(इनपुट: हम समवेत)



Related